खाकी पर हमला बर्दाश्त नहीं, 4 गिरफ्तार
भैंसवाही में आरक्षक को पीटने वाले आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस
- आरक्षक पर हमला करने वाले 8 पर एफआईआर
- गांव में फ्लैग मार्च
मंडला महावीर न्यूज 29. समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली पुलिस पर हमला करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। बीती रात थाना घुघरी के अंतर्गत सलवाह चौकी के ग्राम भैंसवाही में एक आरक्षक पर हुए जानलेवा हमले के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि गांव में फ्लैग मार्च निकालकर अपराधियों में कानून का खौफ भी पैदा किया।
जानकारी अनुसार घटना 7 जनवरी की रात लगभग 10.45 बजे की है। घटना की सूचना डायल 112 को मिली थी। सूचना मिलते ही डायल 112 कर्मी पहुंचे। जहां भैंसवाही में कुछ लोग एक युवक-युवती के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरक्षक अनिल मरकाम 30 वर्ष मौके पर पहुंचे। वहां चाबी मडई से लौट रहे एक बाइक सवार जोड़े को भीड़ ने घेर रखा था। बताया गया कि जब आरक्षक ने बीच-बचाव कर जोड़े को बचाने का प्रयास किया, तो भीड़ में मौजूद असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया। आरोपियों ने आरक्षक की वर्दी का अपमान किया, उनका बैच नोच दिया और लात-घूसों से उनकी जमकर पिटाई की।
पुलिस ने कार्रवाई कर निकाला फ्लैग मार्च
मामले को गंभीरता से लेते हुए गुरूवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में और थाना प्रभारी पूजा बघेल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल भैंसवाही ग्राम पहुंचा। पुलिस ने आरोपियों के घरों पर दबिश दी और गिरफ्तार किया। आरोपियों के साथ गांव की गलियों में फ्लैग मार्च निकाला।
8 पर मामला दर्ज, 5 की तलाश जारी
सहायक उप निरीक्षक चंद्र सिंह पट्टा द्वारा आरक्षक अनिल मरकाम की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जिसमें आरोपी अशोक कुमार उइके, करम सिंह मरकाम, जगत सिंह धुर्वे, फग्गन सरोते, श्रीजन मरावी, इंदलेश मरकाम, अनिल सरोते और शिवम धुर्वे पर मामला पंजीबद्ध कर धारा 191 (2), 191 (3), 190, 296 (बी), 121 (1), 351 (3), 221 के तहत किया गया है। बताया गया कि वर्तमान में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार अन्य 4 आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
चार आरोपियों की तालाश जारी
इस मामले में जिन आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है, उनके नाम अशोक कुमार उइके, करम सिंह मरकाम, जगत सिंह धुर्वे, अनिल सरोते हैं जिन्हें गिरफ्तार गिए गए है। जबकि फग्गन सरोते, श्रीजन मरावी, इंदलेश मरकाम, और शिवम धुर्वे फरार हैं। पुलिस के अनुसार शेष 4 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इनका कहना है
आरक्षक के साथ मारपीट करने वाले आठ आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। तीन आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है, शेष पांच आरोपियों की तलाश जारी है, उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पूजा बघेल, थाना प्रभारी, घुघरी










