जहर मुक्त खेती से लेकर गर्भ विज्ञान तक, काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल में सजेगी ज्ञान की पाठशाला
- 9 जनवरी से शुरू होगा विशाल प्रशिक्षण शिविर
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय जिलहरीघाट स्थित काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल गाजीपुर में आगामी 9 जनवरी से 11 जनवरी तक सुबह 9 से शाम 6 बजे तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण एवं समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय प्राचीन विधाओं, स्वास्थ्य और स्वरोजगार के प्रति जन-जागरूकता लाना है।
बताया गया कि शिविर में विशेषज्ञ प्रशिक्षक सुनील शर्मा और अंगिरा वैदिक द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें मुख्य रूप से मनोवैज्ञानिक वक्ता निर्माण प्रशिक्षण, गर्भ विज्ञान प्रशिक्षण, जहर मुक्त कृषि प्रशिक्षण, नाडी चिकित्सा, भारतीय शिक्षा व्यवस्था, भारतीय संस्कृति, स्वतंत्र रोजगार (घरेलू उद्योग), परिवार नियोजन, पशु चिकित्सा विज्ञान के विषय में विस्तार से बताया जाएगा।
आचार्य भीम देव ने बताया कि इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण में नाड़ी चिकित्सा और पशु चिकित्सा विज्ञान के माध्यम से प्राचीन उपचार पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी। वर्तमान समय की मांग को देखते हुए जहर मुक्त कृषि (जैविक खेती) पर विशेष सत्र आयोजित होगा। गर्भ विज्ञान प्रशिक्षण और भारतीय संस्कृति के मूल तत्वों पर प्रकाश डाला जाएगा। भारतीय शिक्षा व्यवस्था की विशेषताएं और प्रभावशाली वक्ता निर्माण का मनोवैज्ञानिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। ग्रामीण एवं स्थानीय स्तर पर स्वतंत्र रोजगार घरेलू उद्योग स्थापित करने के व्यावहारिक गुर सिखाए जाएंगे।
प्रश्नोत्तर से होगा समस्याओं का समाधान
आचार्य भीम देव ने बताया कि यह केवल एक व्याख्यान माला नहीं होगी, बल्कि इसमें प्रश्नोत्तर सत्र भी रखे गए हैं। परिवार नियोजन और अन्य सामाजिक व व्यक्तिगत समस्याओं का समाधान विशेषज्ञों के माध्यम से संवाद कर किया जाएगा। गुरुकुल प्रबंधन ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों, किसानों और युवाओं से इस ज्ञानवर्धक कार्यक्रम में सपरिवार सम्मिलित होने की अपील की है।









