कलेक्टर की संवेदनशील पहल, कड़ाके की ठंड में नन्हे चेहरों पर लौटी मुस्कान

कलेक्टर की संवेदनशील पहल, कड़ाके की ठंड में नन्हे चेहरों पर लौटी मुस्कान

  • सकरी और बीजाडांडी के बच्चों को मिले गर्म कपड़े
  • नारी विकास समिति के सहयोग से बुजुर्गों को कंबल वितरित

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने एक बार फिर अपनी मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक सरोकारों का परिचय दिया है। ग्राम सकरी और बीजाडांडी क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को कड़ाके की ठंड से बचाने के लिए कलेक्टर ने स्वयं उपस्थित होकर गर्म कपड़े वितरित किए। प्रशासन के इस संवेदनशील स्पर्श से न केवल मासूम बच्चों को ठंड से राहत मिली, बल्कि उनके चेहरों पर खिली मुस्कान ने पूरे वातावरण को खुशहाल बना दिया।

नन्हे बच्चों को मिला कलेक्टर का दुलार 

ग्राम सकरी में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने आंगनबाड़ी के बच्चों को स्वेटर और पेंट प्रदान किए। इस दौरान एक भावुक पल तब दिखा जब कलेक्टर ने एक छोटी बच्ची को अपनी गोद में लेकर दुलार किया। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जानकारी भी ली। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी बच्चा ठंड जैसी प्राकृतिक कठिनाइयों से प्रभावित न हो।

नारी विकास समिति का सराहनीय सहयोग 

यह जनकल्याणकारी कार्य नारी विकास समिति के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ। समिति द्वारा बच्चों के साथ क्षेत्र के जरूरतमंद बुजुर्गों को भी कंबल वितरित किए गए। कलेक्टर ने समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समाजोपयोगी कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नींव रखते हैं। उन्होंने अन्य स्वयंसेवी संगठनों और जागरूक नागरिकों से भी अपील की कि वे समाज सेवा की भावना के साथ आगे आएं।

हर आंगनबाड़ी तक पहुंचे ऐसी पहल 

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कार्यक्रम के दौरान अपेक्षा व्यक्त की है कि ऐसी संवेदनशील पहल हर गांव और हर आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुँचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में सहयोग, करुणा और जिम्मेदारी का संदेश प्रसारित करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति 

इस अवसर पर एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती प्रतिमा शुक्ला, नारी विकास समिति की सचिव श्रीमती अर्चना जैन सहित समिति के सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles