मंडला की सड़कों पर उतरा प्रशासन
- कलेक्टर और एसपी ने स्वयं बाइक चलाकर दिया हेलमेट पहनने का संदेश
- सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा थीम पर जागरूकता रैली का आयोजन
- नियम तोडऩे वाले अधिकारियों और नागरिकों पर होगी सख्त कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश शासन और पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार मंडला जिले में 1 जनवरी से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आगाज हो चुका है। इसी कड़ी में बुधवार को जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
रैली का औपचारिक शुभारंभ पुलिस लाइन मंडला से सीआरपीएफ 148वीं बटालियन के कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणी एवं नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों नेहरू स्मारक, बैगा, बैगी चौक, चिलमन चौक, बस स्टैंड, लालीपुर, बिंझिया और महाराजपुर से होते हुए वापस पुलिस लाइन में संपन्न हुई।
अधिकारियों ने पेश की मिसाल
रैली की सबसे खास बात यह रही कि मंडला जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने स्वयं हेलमेट पहनकर बाइक चलाते हुए रैली का नेतृत्व किया। अधिकारियों ने नागरिकों को संदेश दिया कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं के जीवन की सुरक्षा के लिए अनिवार्य हैं।
नियम तोडऩे पर होगी दंडात्मक कार्रवाई
कलेक्टर एवं एसपी ने स्पष्ट किया कि जनवरी माह में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी शासकीय सेवकों को हेलमेट और सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य होगा। शुरुआत में नियमों का उल्लंघन करने वालों को समझाइश दी जाएगी, जिसके बाद दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह व्यवस्था अधिकारियों के साथ आम नागरिकों पर भी समान रूप से लागू होगी। प्रशासन का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि नागरिकों की जान बचाना है।
माह भर चलेंगे विविध कार्यक्रम
सड़क सुरक्षा माह के दौरान पूरे जिले में स्कूल, कॉलेज स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, कार्यशालाएं और राहवीर योजना का प्रचार किया जाएगा। इसके साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष कार्रवाई और भारी वाहनों की सघन जांच भी की जाएगी।
इनकी रही उपस्थिति
इस जागरूकता कार्यक्रम में अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा, एसडीएम सोनल सिडाम, एसडीओपी पीयूष मिश्रा सहित सीआरपीएफ, होमगार्ड और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।










