रैयगांव में चोरों के हौसले बुलंद
सूने मकान का ताला तोड़कर सीसीटीवी उपकरण और अनाज पार
- पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
- चोरी के पांच दिन बाद भी खाली हाथ
- पीडि़त परिवार ने की ठोस कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. मोहगांव थाना अंतर्गत ग्राम रैयगांव में चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए एक सूने मकान को निशाना बनाया है। अज्ञात चोरों ने पीडि़त शालिगराम पटैल के घर का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, अनाज और सीसीटीवी सिस्टम सहित लाखों का माल पार कर दिया। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं, जिससे ग्रामीणों में रोष है।
जानकारी अनुसार मकान मालिक शालिगराम पटैल 31 दिसंबर को सपरिवार नए साल का जश्न मनाने जिले से बाहर गए हुए थे। घर की देखरेख के लिए नियुक्त मजदूर गुन्नूराम भी उस रात घर पर मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मकान का ताला तोड़ा और भीतर प्रवेश कर गए। बताया गया कि चोरों ने बड़ी शातिरता से वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने न केवल घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षति पहुंचाई, बल्कि पहचान छुपाने के उद्देश्य से सीसीटीवी की डीबीआर मशीन और मॉनिटर भी साथ ले गए। इसके अलावा घर से एक गैस सिलेंडर और तीन बोरी चावल भी चोरी कर लिए गए। घटना की जानकारी 1 जनवरी की सुबह मजदूर ने फोन के माध्यम से मालिक को दी।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
पीडि़त शालिगराम पटैल ने 2 जनवरी को मोहगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह उनके घर में चोरी की दूसरी घटना है। इससे पहले भी चोर उनके घर से गैस टंकी और दवा छिड़काव की मशीन ले गए थे, जिसका खुलासा आज तक नहीं हो सका। पीडि़त परिवार का कहना है कि पुलिस ने केवल औपचारिकता निभाते हुए रिपोर्ट दर्ज की है, लेकिन तफ्तीश में कोई सक्रियता नहीं दिख रही है।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️









