वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ मनाया पतंजलि योगपीठ का 30 वां स्थापना दिवस

वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ मनाया पतंजलि योगपीठ का 30 वां स्थापना दिवस

  • मंडला जिला इकाई ने माहिष्मती घाट पर आयोजित किया समारोह

मंडला महावीर न्यूज 29. पतंजलि योगपीठ जिला इकाई मंडला द्वारा संस्थान एवं संगठन स्थापना दिवस की 30वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर माहिष्मती घाट स्थित पतंजलि योग सभा कक्ष में समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें योग साधकों और विशिष्ट अतिथियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का आरंभ सनातन परंपरा के अनुसार किया गया। गुरुकुल के आचार्य एवं विद्यार्थियों द्वारा विशेष हवन-पूजन कराया गया, जिससे संपूर्ण परिसर भक्तिमय हो गया। इसके बाद स्थानीय संतों और विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। आयोजन में आए सभी संतों, अतिथियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों का जिला इकाई के सदस्यों द्वारा तिलक लगाकर और फूल-मालाओं से भावभीनी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

तीन दशकों की उपलब्धियों पर की चर्चा 

समारोह के दौरान मुख्य वक्ताओं और विशिष्ट अतिथियों ने पतंजलि संस्थान के 30 वर्षों के गौरवशाली सफर पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने बताया कि कैसे इस संगठन ने योग, आयुर्वेद और स्वदेशी के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य और स्वावलंबन की अलख जगाई है।

किया सांकेतिक योगाभ्यास 

स्थापना दिवस के इस अवसर पर पतंजलि पीठ के संरक्षक सुनील वाली ने उपस्थित सदस्यों को सांकेतिक रूप से योगाभ्यास कराया और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया, जिसके बाद शांति पाठ के साथ समारोह का समापन हुआ।


 

Leave a Comment