हफ्ते भर बाद भी पुलिस के हाथ खाली, सीसीटीवी फुटेज भी बेअसर

बीजाडांडी में चोरों के हौसले बुलंद

हफ्ते भर बाद भी पुलिस के हाथ खाली, सीसीटीवी फुटेज भी बेअसर

  • उदयपुर में बेखौफ चोरों ने दो गाडिय़ों को बनाया था निशाना
  • लगातार वारदातों के बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर शातिर गिरोह

मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी थाना अंतर्गत उदयपुर क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। विगत सप्ताह शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने जुपिटर कंपनी के सामने स्थित बाजार मोहल्ले में धावा बोलकर एक बोलेरो कार पार कर दी, जबकि एक अन्य कार को चुराने का असफल प्रयास किया। घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी बीजाडांडी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी अनुसार चोरों ने शनिवार रात सबसे पहले टाटा विस्टा एमपी 20 सीडी 8097 का दरवाजा तोड़कर उसके डैशबोर्ड को खोल दिया और गाड़ी डायरेक्ट कर स्टार्ट करने की कोशिश की। गाड़ी काफी दिनों से खड़ी होने के कारण स्टार्ट नहीं हुई, तो चोरों ने उसे छोड़कर मात्र 100 फीट की दूरी पर खड़ी ग्रे कलर की बोलेरो एमपी 20 एचए 8086 पर हाथ साफ किया और उसे लेकर फरार हो गए। हैरत की बात यह है कि पास में कंपनी होने के कारण वहां रात भर रोशनी रहती है, इसके बावजूद चोरों ने बड़ी ही दिलेरी से वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल 

पीडि़तों ने तत्काल थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए। बावजूद इसके पुलिस अब तक चोरों का सुराग लगाने में नाकाम रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। क्षेत्र में पुलिस और चोरों के बीच आंख-मिचौली का खेल लंबे समय से चल रहा है, लेकिन अपराधियों को पकडऩे के लिए कोई मजबूत रणनीति नहीं बनाई गई है।

पुरानी वारदातों का भी नहीं हुआ खुलासा 

यह क्षेत्र में चोरी का पहला मामला नहीं है। इससे पहले उदयपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के ताले टूटे थे, जिसके फुटेज मिलने के बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। इसके अलावा ढाबों के किनारे खड़े ट्रकों से सैकड़ों लीटर डीजल चोरी होना आम बात हो गई है। लगातार बढ़ती वारदातों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है।


 

Leave a Comment