वन समिति ने कलेक्टर से लगाई गुहार
- खलवारा के ग्रामीणों को नहीं मिल रहा जंगल कूप का लाभांश
- खलवारा वन समिति ने खोला मोर्चा, वन विभाग पर लगा भेदभाव का आरोप
- शासन से मिलने वाली सहायता राशि न मिलने पर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के खलवारा ग्राम की वन समिति ने शासन द्वारा मिलने वाली सहायता राशि और जंगल कूप के लाभांश को लेकर जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर को सौंपे गए एक आवेदन में समिति के सदस्यों ने वन विभाग पर लापरवाही और भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का गंभीर आरोप लगाया है।
खलवारा वन समिति के अध्यक्ष ठाकुर पिता छत्तु मरकाम और अन्य सदस्यों ने बताया कि शासन के नियमानुसार ग्राम खलवारा स्थित जंगल कूप की राशि का लाभांश वन समिति को मिलना सुनिश्चित किया गया था। शिकायत में बताया गया कि जहाँ एक ओर खलवारा वन ग्राम को विभाग द्वारा लाभांश प्रदान कर दिया गया है, वहीं दूसरी ओर खलवारा रैयत की वन समिति को अब तक इस लाभ से वंचित रखा गया है।
पी.एफ. कटने के बाद भी खाली हाथ ग्रामीण
समिति के सदस्यों का कहना है कि वे लंबे समय से वन विभाग से इस राशि की मांग कर रहे हैं, लेकिन आज दिनांक तक उन्हें किसी भी प्रकार का लाभ नहीं दिया गया है। ग्रामीणों ने यह भी उल्लेख किया कि खलवारा रैयत का पी.एफ. काटा जा चुका है, इसके बावजूद समिति को देय राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
न्याय की उम्मीद
समिति के सदस्यों ने कलेक्टर महोदय से विनम्र प्रार्थना की है कि उनके आवेदन को स्वीकार कर उचित जांच की जाए और उन्हें उनका न्यायोचित लाभ दिलाया जाए। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और समिति सदस्य उपस्थित रहे।









