बाघ की खाल तस्करों को पकडऩे वाली टीम को नई दिल्ली से मिला सम्मान

बिछिया पुलिस की बड़ी उपलब्धि

  • बाघ की खाल तस्करों को पकडऩे वाली टीम को नई दिल्ली से मिला सम्मान
  • वन्यजीव अपराध नियंत्रण में मंडला पुलिस का डंका
  • दिल्ली ब्यूरो ने नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र से नवाजा

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस द्वारा वन्यजीव संरक्षण और अपराध नियंत्रण की दिशा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों को अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के कुशल निर्देशन में थाना बिछिया पुलिस की उस टीम को सम्मानित किया गया है, जिसने बाघ की खाल के साथ तस्करों को पकडऩे में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की थी।

बाघ की खाल के साथ पकड़े गए थे 5 आरोपी 

बताया गया कि 28 जनवरी 2024 को बिछिया पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। इस दौरान पुलिस ने बाघ की खाल के साथ पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई थी। पुलिस की इस मुस्तैदी ने वन्यजीव तस्करों के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया था।

नई दिल्ली ब्यूरो ने किया सम्मानित 

पुलिस टीम की इसी कार्यक्षमता और व्यावसायिक दक्षता को देखते हुए वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, नई दिल्ली द्वारा तत्कालीन पुलिस टीम के लिए नकद पुरस्कार और प्रशंसा प्रमाण पत्र जारी किए गए। यह सम्मान जिले की पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

सम्मान समारोह का आयोजन 

थाना बिछिया में आयोजित एक विशेष समारोह में एसडीओपी बिछिया सौरभ तिवारी ने संबंधित पुलिस स्टाफ को प्रशंसा प्रमाण पत्र और नकद राशि भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने पूरी टीम के मनोबल को बढ़ाते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार की कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस उपलब्धि पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने पूरी टीम को बधाई दी है।


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles