पिपरिया मड़ई में उमड़ा जनसैलाब, कड़ाके की ठंड पर भारी पड़ा आस्था और मनोरंजन का उत्साह
- तीसरे दिन भी गुलजार रही पिपरिया मड़ई
- झूलों और चौपाटी का लोगों ने जमकर उठाया लुत्फ
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास नगर के समीपस्थ ग्राम पिपरिया में आयोजित पारंपरिक मड़ई मेले का तीसरा दिन सोमवार को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कड़ाके की ठंड और शीतल लहर के बावजूद श्रद्धालुओं और सैलानियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। सुबह से ही मेला स्थल पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जो देर रात तक बनी रही।
मेले में लगे बड़े झूलों, ड्रैगन और नाव का बच्चों सहित युवाओं ने जमकर आनंद लिया। सर्द मौसम के बीच मनोरंजन के साधनों पर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। वहीं, महिलाओं और युवक-युवतियों ने श्रृंगार सामग्री, कपड़े, खिलौने और घरेलू साजो-सामान की दुकानों पर जमकर खरीदारी की।
चौपाटी पर रही रौनक
मेले का मुख्य आकर्षण यहाँ की चौपाटी रही। चाट-फुल्की, गोलगप्पे, चाउमीन और गरमा-गरम जलेबियों की खुशबू ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। खान-पान की दुकानों पर दिनभर भीड़ जुटी रही, जहाँ लोगों ने व्यंजनों का लुत्फ उठाया।
सामाजिक समरसता और सुरक्षा व्यवस्था
ग्रामीण अंचल की यह मड़ई न केवल मनोरंजन बल्कि आपसी मेल-मिलाप और सामाजिक समरसता का केंद्र बनी रही। दूर-दराज के गांवों से आए लोगों ने अपनी परंपराओं का निर्वहन किया। सुरक्षा की दृष्टि से निवास पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस की निरंतर गश्त के कारण मेला परिसर में शांति बनी रही और लोगों ने सुरक्षित माहौल में मेले का आनंद लिया। कुल मिलाकर पिपरिया मड़ई के तीसरे दिन ने क्षेत्रवासियों को रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर सुकून और खुशी के अनमोल पल प्रदान किए।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे











