नर्मदा तट पर पुलिया निर्माण की स्वीकृति से ग्रामीणों में खुशी की लहर

नर्मदा तट पर पुलिया निर्माण की स्वीकृति से ग्रामीणों में खुशी की लहर

  • सांसद फग्गन सिंह के प्रयासों को मिली सफलता
  • अब सुगम होगा नर्मदा तट का मार्ग

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड मोहगांव के ग्राम पंचायत धनगांव के ग्रामीणों में उत्साह है। बताया गया कि नर्मदा तट स्थित प्रसिद्ध दुर्वासा आश्रम के पास पुलिया निर्माण की बहुप्रतीक्षित मांग को शासन द्वारा स्वीकृति मिल गई है। इस स्वीकृति के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में हर्ष का माहौल है।

सरपंच फूलचंद पट्टा और उपसरपंच मोतीलाल विश्वकर्मा ने बताया कि नर्मदा तट तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को लंबे समय से एक पक्की पुलिया की आवश्यकता थी। पुलिया न होने से विशेषकर बारिश के दिनों में और धार्मिक आयोजनों के समय आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब पुलिया निर्माण के बाद क्षेत्रवासियों को सुगम रास्ता मिल सकेगा।

सांसद के प्रयासों की सराहना 

पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि इस पुलिया की स्वीकृति मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के विशेष प्रयासों से संभव हुई है। ग्रामीणों ने इस सौगात के लिए सांसद का आभार व्यक्त किया है। योजना के अनुसार, जल्द ही इस पुलिया का विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति 

नर्मदा तट और दुर्वासा आश्रम के मार्ग पर बनने वाली यह पुलिया न केवल धनगांव बल्कि आसपास के कई गांवों के लिए जीवनरेखा साबित होगी। इससे पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। स्वीकृति की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने एक-दूसरे को बधाई दी और प्रसन्नता व्यक्त की।


 

Leave a Comment