देवरी कला बबलिया के ऊपरटोला में शराबबंदी लागू

देवरी कला बबलिया के ऊपरटोला में शराबबंदी लागू

बडग़डिय़ा टोला में अनुशानहीनता करने पर लगेगा तीन हजार का जुर्माना

  • देवरी कला में परंपरा और अनुशासन का संगम
  • हर्षोल्लास के साथ मनाया हर सुदन पर्व

मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम देवरी कला बबलिया में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी प्राचीन परंपराओं के अनुसार हर सुदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन न केवल कृषि संस्कृति का प्रतीक रहा, बल्कि इसमें सामाजिक सुधार और ग्राम विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। इस दौरान देवरी कला बबलिया के बडग़डिय़ा टोला में शराब पीने, वाद विवाद करने और सामाजिक माहौल खराब करने वालों पर तीन हजार का जुर्माना का प्रावधान समिति द्वारा लिया गया है। इसके साथ ही ऊपरटोला में शराबबंदी लागू करने का निर्णय लिया गया।कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान से हुई। सर्वप्रथम धरती मां की पूजा की गई, जिसके बाद माता खेर माई और शीतला माता की विशेष पूजन, अर्चना किया गया। पूजा के बाद हल-बैल फांदकर खेत जोतने का शुभ मुहूर्त निकाला गया। ग्रामीणों की मान्यता है कि इस परंपरा से वर्ष भर खेती-किसानी में कोई बाधा नहीं आती और फसल भरपूर पैदा होती है।

सामाजिक सुधार के लिए शराबबंदी 

इस वर्ष हर सुदन कार्यक्रम केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहा। ग्राम समिति ने देवरी कला बबलिया के ऊपर टोला में पूर्ण शराबबंदी करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इसके साथ ही गांव के बडग़डिय़ा टोला में अनुशासन बनाए रखने के लिए यह तय किया गया कि गांव में शराब पीने वाले, वाद विवाद करने और सामाजिक माहौल खराब करने वालों पर तीन हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा।

समिति ने प्रस्तुत किया वर्ष भर का लेखा-जोखा 

बताया गया कि ग्राम समिति की मजबूती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जुर्माने और अन्य माध्यमों से अब तक समिति के पास 18 हजार रुपये की राशि एकत्रित हो चुकी है। इस राशि का उपयोग ग्रामवासियों की मदद के लिए किया जाता है। समिति जरूरतमंद ग्रामीणों को 5 रुपये सैकड़ा के ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराती है। कार्यक्रम के दौरान साल भर के आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा भी ग्रामवासियों के समक्ष पारदर्शी तरीके से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद 

ग्राम देवरी कला बबलिया में आयोजित हर सुदन पर्व में गांव के रहन-सहन, मजदूरी दर और आपसी भाईचारे पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रमुख रूप से धर्म सिंह कुलस्ते, राजाराम मरावी, राजकुमार भवेदी, अनूप सिंह धुर्वे, बलमत सिंह, ज्ञान सिंह, सचिन, अरविंद सिंह और अंतराम पंडा सहित समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles