माहिष्मती घाट पर गूंजे वैदिक मंत्र
- भव्य कलश पूजन के साथ हिंदू सम्मेलनों का शंखनाद
- मंडला के 71 मंडलों और 20 बस्तियों में मचेगी सांस्कृतिक धूम
- 18 जनवरी को कुंभ स्थल पर होगा विशाल आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. संस्कारधानी मंडला के पावन माहिष्मती घाट पर शुक्रवार को आध्यात्मिक उत्साह के बीच आगामी विशाल हिंदू सम्मेलन के निमित्त भव्य कलश पूजन संपन्न हुआ। इस अनुष्ठान के साथ ही 15 जनवरी से 30 जनवरी तक जिले भर में आयोजित होने वाली सम्मेलनों की श्रृंखला का औपचारिक शुभारंभ हो गया है।
संतों ने सौंपा ध्वज और कलश
कार्यक्रम का प्रारंभ विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। कलश पूजन के बाद उपस्थित पूज्य संतों ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों और संयोजकों को पवित्र कलश एवं सम्मेलन का ध्वज प्रदान किया। इस अवसर पर नगर में एक भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा का समापन मां नर्मदा के तट पर हुआ, जहाँ सभी उपस्थित जनों ने राष्ट्र और समाज की सेवा का संकल्प लिया।

सामाजिक समरसता और स्वदेशी का संदेश
हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज में सामाजिक समरसता, स्वदेशी भावना और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता लाना है। सम्मेलनों के दौरान पर्यावरण संरक्षण, पारिवारिक मूल्यों (कुटुंब प्रबोधन) और नैतिक मूल्यों पर विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाया जा सके।
आयोजन की बनी रूपरेखा
बताया गया कि 15 जनवरी से 30 जनवरी के बीच जिले के सभी 71 मंडलों और 20 बस्तियों में पृथक-पृथक तिथियों पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इस पूरी श्रृंखला का मुख्य आकर्षण 18 जनवरी को मंडला के कुंभ स्थल पर होने वाला नगर स्तरीय वृहद हिंदू सम्मेलन होगा।
जनसहभागिता की अपील
इस पावन अनुष्ठान में जिले भर के संयोजक, पदाधिकारी, धर्माचार्य और मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने समस्त समाजजनों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित होने वाले इन सम्मेलनों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इस सांस्कृतिक जागरण अभियान को सफल बनाएं।











