ऑपरेशन क्लीन स्वीप से टूटेगी नशे की कमर

मंडला पुलिस सम्मेलन, ऑपरेशन क्लीन स्वीप से टूटेगी नशे की कमर

  • एआई और आधुनिक तकनीक से लैस होगी पुलिस
  • एसपी रजत सकलेचा ने दिया स्मार्ट पुलिसिंग का मंत्र
  • उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित

मंडला महावीर न्यूज 29. रानी दुर्गावती कॉलेज के सभागार में जिला स्तरीय पुलिस सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आधुनिक पुलिसिंग, साइबर सुरक्षा और नशे के विरुद्ध व्यापक अभियान ऑपरेशन क्लीन स्वीप को प्रभावी ढंग से लागू करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा द्वारा सम्मेलन की रूपरेखा प्रस्तुत करने के साथ हुई।सम्मेलन को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने डीजीपी, आईजी कॉन्फ्रेस 2025 के निर्देशों को साझा किया। उन्होंने विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण से प्रभावी पुलिसिंग, खुफिया तंत्र की मजबूती और आधुनिक तकनीक जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल टूल्स के उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस को नई सुरक्षा चुनौतियों जिसमें ड्रोन तकनीक और परीक्षा माफियाओं से निपटने के लिए खुद को अपडेट रखना होगा।बताया गया कि 01 जनवरी से शुरू हुए ऑपरेशन क्लीन स्वीप पर विस्तृत चर्चा करते हुए एसपी ने माइक्रो बीट स्तर पर कार्ययोजना पेश की। इसके अंतर्गत बताया कि नशे की सप्लाई चैन को पूरी तरह तोडऩा। हॉटस्पॉट का चिन्हांकन और सप्लायरों पर कड़ी निगरानी। मानस हेल्पलाइन 1933 और निदान पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार। पीडि़तों के उपचार और पुनर्वास के लिए सुनियोजित कार्ययोजना साझा किया गया।

साइबर सुरक्षा पर दिया मार्गदर्शन 

जिला स्तरीय पुलिस सम्मेलन में एसडीओपी पीयूष मिश्रा ने माननीय उच्चतम एवं उच्च न्यायालय के महत्वपूर्ण निर्णयों और शासन के नए परिपत्रों की जानकारी दी। वहीं साइबर सेल द्वारा बढ़ते डिजिटल वित्तीय अपराधों, डीपफेक फ्रॉड, क्रिप्टो इन्वेस्टिगेशन और 1930 हेल्पलाइन के प्रभावी उपयोग पर मार्गदर्शन दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे सीसीटीवी व्यवस्था को और सुदृढ़ करें।

उत्कृष्ट कार्य के लिए किया सम्मानित 

सम्मान और संवाद कार्यक्रम के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मियों की समस्याओं को सुना और उनके निराकरण के लिए निर्देश दिए। वर्ष 2025 में उत्कृष्ट सेवा देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे बल का मनोबल बढ़ा। इस अवसर पर जिले के एसडीओपी पीयूष मिश्रा, मनीष राज, प्रीतम वालरे, सौरभ तिवारी, डीएसपी अर्चना अहीर, सतीश चतुर्वेदी एवं समस्त थाना व चौकी प्रभारी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस बल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



 

Leave a Comment