अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, सड़क किनारे मिला शव
पदमी-घुघरी मार्ग की घटना, पुलिस ने पीएम के बाद शुरू की फरार वाहन की तलाश
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के हिरदेनगर चौकी अंतर्गत पदमी से घुघरी मार्ग पर शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसे में युवक की जान जाने का मामला सामने आया है। मार्ग के किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
हिरदेनगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शिवशंकर राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह राहगीरों ने सड़क के किनारे एक युवक का शव देखा और पुलिस को सूचित किया। प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत होता है कि बीती रात किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
मृतक की हुई पहचान
पुलिस की छानबीन के बाद मृतक की शिनाख्त ग्राम पीपरपानी निवासी रवि उइके (पिता कक्कू उइके) के रूप में की गई है। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मार्ग के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।









