चकदेही में चोरों का आतंक
दुकान का टीन शेड तोड़कर नकदी समेत किराने के सामान पर किया हाथ साफ
- चोरी की वारदातों से चकदेही में दहशत
- जांच में जुटी निवास पुलिस
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज के बबलिया क्षेत्र के ग्राम चकदेही में बीती रात चोरों ने एक दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने लाटोरी चक्रवर्ती की दुकान को निशाना बनाते हुए छत का टीन शेड उखाड़ दिया और अंदर दाखिल होकर लगभग 20 हजार रुपये नकद सहित भारी मात्रा में किराने का सामान चोरी कर लिया।
पीडि़त लाटोरी चक्रवर्ती ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सुबह जब दुकान खोली तो सामान बिखरा हुआ था और छत का शेड टूटा मिला। मामले की तत्काल सूचना निवास पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों में आक्रोश और डर का माहौल
बताया गया कि ग्राम चकदेही में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पूर्व भी गांव में दो अन्य स्थानों पर चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस रिपोर्ट दर्ज न होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से ग्रामीणों में दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने की मांग की है।









