भीमडोंगरी में खेलकूद महाकुंभ संपन्न: 29 स्कूलों के खिलाड़ियों ने दिखाया दम
पूर्व विधायक पंडित सिंह धुर्वे ने बढ़ाया उत्साह, पारंपरिक खेलों में भी बच्चों ने मारी बाजी
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी वनांचल मवई ब्लॉक के शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भीमडोंगरी में दो दिवसीय संकुल स्तरीय खेलकूद टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ। इस खेल महोत्सव में क्षेत्र के 29 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल जैसे मैदानी खेलों के साथ-साथ जलेबी दौड़, रस्सी दौड़ और बिस्किट दौड़ जैसे मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक पंडित सिंह धुर्वे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक विकास का आधार हैं।
विशिष्ट अतिथि जनपद सदस्य अनंत सिंह राठौर, सरपंच ओम प्रकाश मरावी और प्राचार्य प्रदीप पटेल (पीके पटेल) की उपस्थिति में विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया। इस सफल आयोजन में जनशिक्षक प्रेम धनंजय, अक्षय परते, कीर्तन झरिया, डीलन मरकाम, योगा टीचर ओमलता वरकड़े, सनूपा उईके और स्वास्थ्य विभाग से CHO उर्वशी सनोदिया, मानसी चौरसिया सहित विद्यालय परिवार की सराहनीय भूमिका रही। अंत में अतिथियों ने खिलाड़ियों को भविष्य में भी अनुशासन और टीम वर्क के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।










