विज्ञान प्रदर्शनी में लिमरुआ के नन्हे वैज्ञानिकों का कमाल
- 13 स्कूलों के छात्रों ने पेश किए नवाचार से भरे मॉडल
- लिमरुआ में विज्ञान प्रदर्शनी और प्रश्न मंच का आयोजन
- विद्यार्थियों ने पर्यावरण गीतों और वैज्ञानिक मॉडलों से जीता सबका दिल
मंडला महावीर न्यूज 29. शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनशिक्षा केंद्र लिमरुआ में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विकासखंड स्रोत समन्वयक मंडला अनादि वर्मा एवं जनशिक्षा केंद्र प्रभारी माखन सिंह चौहान के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
प्रदर्शनी में जनशिक्षा केंद्र लिमरुआ के अंतर्गत आने वाले 13 माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए कुल 18 विज्ञान मॉडलों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें उनकी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक क्षमता का उत्कृष्ट परिचय मिला। विज्ञान मॉडल के साथ-साथ प्रश्न मंच प्रतियोगिता और पर्यावरण गीतों की प्रस्तुति भी दी गई, जिसमें 06 विद्यार्थियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
विशेषज्ञों ने किया मूल्यांकन
प्रदर्शित मॉडलों का बारीकी से निरीक्षण करने और विजेताओं के चयन के लिए निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका नर्मदा प्रसाद चक्रवर्ती प्रभारी, शासकीय हाई स्कूल ग्वारा एवं ब्रजेश कोकडिय़ा विज्ञान शिक्षक, शासकीय हाई स्कूल बाजा द्वारा निभाई गई। शिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयार किए गए इन मॉडलों की अतिथियों और निर्णायकों ने जमकर सराहना की।
किया गया प्रमाण पत्र वितरण
कार्यक्रम के सफल संचालन में समस्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों का सक्रिय योगदान रहा। एकीकृत माध्यमिक विद्यालय बेहंगा के प्रबंधन द्वारा प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। समारोह के समापन पर जनशिक्षा केंद्र की ओर से सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनशिक्षक पुरुषोत्तम मर्सकोले, अरविंद सिंगौर, हाई स्कूल केहरपुर प्रभारी धनीराम मरावी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









