भगवान गणेश हर रोग और दोष से मुक्ति देने वाले देव
- श्री सिद्धेश्वर धाम में श्री गणेश पुराण का शुभारंभ
- सुरंगदेवरी में गूंजी श्री गणेश पुराण की महिमा
- भक्ति के संगम से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के सुरंगदेवरी स्थित प्रसिद्ध आध्यात्मिक केंद्र श्री सिद्धेश्वर धाम में भक्ति और शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहां संगीतमय श्री गणेश पुराण कथा का विधिवत शुभारंभ हो गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँचकर धर्मलाभ ले रहे हैं। कथा का वाचन कथावाचक पंडित ललित नारायण मिश्रा के मुखारविंद से किया जा रहा है, जिनकी सुमधुर वाणी और व्याख्यान ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया है।
कथा के पहले दिन पंडित ललित नारायण मिश्रा ने भगवान श्री गणेश के कल्याणकारी स्वरूप पर प्रकाश डाला। उन्होंने पौराणिक वृत्तांत सुनाते हुए बताया कि किस प्रकार सोम्य कांत कोढ़ से ग्रसित हुए थे और महर्षि व्रभू ने उनके पूर्व जन्म के कर्मों का वृत्तांत सुनाया था। कथावाचक पंडित ललित नारायण ने बताया कि विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की अनन्य भक्ति में वह शक्ति है कि वे किसी भी व्यक्ति को असाध्य बीमारियों और कष्टों से मुक्त कर सकते हैं। उन्होंने भक्तों को बताया कि अटूट विश्वास ही दुखों से मुक्ति का एकमात्र मार्ग है।
आज सुनाई जाएगी समर्पण और वीरता की गाथा
पंडित ललित नारायण मिश्रा ने कहां कि आध्यात्म के साथ-साथ भारत की शौर्य गाथा को भी जन-जन तक पहुँचाना आवश्यक है। इसी क्रम में आज कथा के दूसरे वीर योद्धा गोरा-बादल की गौरवशाली गाथा सुनाई जाएगी। इस प्रसंग में बताया जाएगा कि कैसे धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए गोरा-बादल ने अद्वितीय साहस का परिचय दिया और सिर कटने के बाद भी एक पहर तक शत्रुओं से लोहा लेते रहे। यह प्रसंग नई पीढ़ी में धर्म के प्रति समर्पण और वीरता का भाव जगाने के उद्देश्य से रखा गया है।
आरती और प्रसादी वितरण
प्रथम दिवस की कथा के विश्राम पर भक्तों ने भगवान श्री गणेश और सिद्धेश्वर महादेव की भव्य आरती की गई। इसके बाद उपस्थित जनसमूह के बीच प्रसादी का वितरण किया गया। श्री सिद्धेश्वर धाम समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से इस पावन कथा के आगामी दिनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।










