समाज सुधार और आध्यात्म का संगम, उमड़ा जनसैलाब

करिया गांव में श्रीमद् भागवत कथा का समापन

  • कथावाचिका देविका पटेल ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
  • समाज सुधार और आध्यात्म का संगम, उमड़ा जनसैलाब
  • श्रीमद् भागवत कथा समापन में पहुंचे विधायक नारायण पट्टा

मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम करिया गांव में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का समापन अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ हुआ। कुर्मी समाज की लाडली बेटी और प्रखर कथावाचिका देविका पटेल के मुखारविंद से प्रवाहित ज्ञान गंगा का रसपान करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। कथा के समापन अवसर पर देविका पटेल ने ग्राम करिया गांव में स्थापित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने सरदार पटेल के पदचिह्नों पर चलने और समाज निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।समापन दिवस पर पूर्णाहुति, हवन और पूजन किया गया। ग्राम नारा निवासी गायत्री उपासक अमूल पटेल ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ संपन्न कराया। उन्होंने श्रद्धालुओं को रक्षा सूत्र का आध्यात्मिक महत्व समझाते हुए कहा कि यह मनुष्य का संबंध परमात्मा से जोड़ता है। उन्होंने स्वाहा शब्द के वैज्ञानिक और शास्त्रीय उच्चारण पर जोर देते हुए कहा कि अंधविश्वास के बजाय समझदारी से किए गए कर्मकांड ही वास्तविक पुण्य प्रदान करते हैं।

विधायक ने की सराहना 

श्रीमद् भागवत कथा समापन में पहुंचे विधायक नारायण पट्टा ने सुश्री देविका पटेल से आशीर्वाद प्राप्त किया। विधायक पट्टा ने कहां कि यद्यपि व्यस्तता के कारण मैं कथा में उपस्थित नहीं हो सका, लेकिन सोशल मीडिया के माध्यम से मैं देविका जी की मधुर वाणी और विचारों को सुनता रहता हूँ। उन्होंने समाज सुधार की दिशा में देविका जी के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में घुघरी विकासखंड में भी ऐसी सामाजिक समरसता वाली कथाओं के आयोजन की इच्छा व्यक्त की।

कन्या पूजन के साथ हुआ भंडारा 

पूर्णाहुति के बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों कन्याओं का पूजन कर उन्हें उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम के अंत में सुश्री देविका पटेल ने समस्त कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति और प्रबुद्ध जनों का सम्मान करते हुए आभार व्यक्त किया। आयोजन की सफलता पर कुर्मी समाज विकास संगठन ने पुलिस प्रशासन, ग्राम पंचायत परिवार और सभी सहयोगियों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया है। संगठन ने भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में सहयोग की अपेक्षा की है।



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles