ग्रामीणों को सिखाए डिजिटल लेनदेन के गुर

ग्रामीणों को सिखाए डिजिटल लेनदेन के गुर, सरकारी बीमा योजनाओं की जानकारी

  • रामगढ़ी में वित्तीय साक्षरता शिविर संपन्न
  • मनी वाइज योजना के तहत ग्रामीणों को किया गया जागरूक
  • बैंकिंग फ्रॉड से बचने के बताए तरीके

मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय रिजर्व बैंक की परियोजना और सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा प्रायोजित समर्पित गरीबी उन्मूलन एवं सामाजिक अनुसंधान केंद्र बिलासपुर छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में नैनपुर के ग्राम पंचायत रामगढ़ी में विशेष वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। सीएफएल मंडला ब्लॉक नैनपुर के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को आधुनिक बैंकिंग और सरकारी सुरक्षा योजनाओं से जोडऩा था।शिविर के दौरान मनी वाइज वित्तीय साक्षरता योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तार से समझाया गया, जिनमें ग्रामीणों को बैंकिंग सेवा के माध्यम से कम प्रीमियम पर मिलने वाले बीमा कवर की जानकारी दी गई। भविष्य की सुरक्षा के लिए पेंशन योजना के लाभ बताए गए। बेटियों के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा हेतु बचत योजना की बारीकियों को साझा किया गया।

डिजिटल साक्षरता और सुरक्षा की दी जानकारी 

वर्तमान दौर में बढ़ते ऑनलाइन लेनदेन और ई-केवायसी की प्रक्रिया की जानकारी ग्रामीणों को दी। विशेषज्ञों ने डिजिटल फ्रॉड के खतरों के प्रति सचेत करते हुए बताया कि कैसे अपनी व्यक्तिगत जानकारी और ओटीपी को सुरक्षित रखकर वित्तीय नुकसान से बचा जा सकता है। इसके साथ ही डीबीटी के लाभों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से आरओ लक्ष्मी पटेल और बीसी पूजा बरमैया नैनपुर उपस्थित रहीं, जिन्होंने ग्रामीणों के बैंकिंग संबंधी सवालों के जवाब दिए और उन्हें बैंकों से जुडऩे के लिए प्रेरित किया।



 

Leave a Comment