कान्हा नेशनल पार्क में गूंजी जूनियर बजरंग की दहाड़
अलर्ट मोड पर आए हिरण, रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल
- कान्हा टाइगर रिजर्व के जूनियर बजरंग का दिखा रौब
- सोशल मीडिया पर वायरल हुआ शिकार और शिकारी का अद्भुत नजारा
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व से प्रकृति के अद्भुत तालमेल और वन्यजीवों के संघर्ष का एक रोमांचक वीडियो सामने आया है। पार्क के कान्हा जोन में पर्यटकों ने शिकार और शिकारी के बीच की इस दुर्लभ हलचल को अपने कैमरों में कैद किया।
बताया गया कि वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जंगल की शांति अचानक हिरणों की चेतावनी भरी आवाजों से भंग हो जाती है। हिरणों का एक झुंड खतरे को भांपते हुए विशेष प्रकार की आवाजें निकाल रहा है, जो जंगल में किसी बड़े शिकारी की मौजूदगी का स्पष्ट संकेत था। इसी बीच झाडिय़ों के पीछे से एक बाघ की भारी गर्जना सुनाई देती है, जो पर्यटकों के लिए रोमांच और सिहरन पैदा कर देने वाला पल था।
कौन है यह बाघ
वीडियो में नजर आ रहा बाघ जूनियर बजरंग टी-118 है। लगभग 8 वर्ष की आयु का यह प्रभावशाली बाघ, प्रसिद्ध बाघिन नीलम टी-65 और बाघ बजरंग टी-64 की संतान है। जूनियर बजरंग की टेरिटरी कान्हा और किसली रेंज के पर्यटन क्षेत्र में आती है, यही कारण है कि यह अक्सर पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना रहता है।
जंगल की भाषा का महत्व
वायरल वीडियो केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि वन्यजीवन के व्यवहार को समझने का एक बेहतरीन उदाहरण भी है। बताया गया कि कान्हा पार्क का यह दृश्य यह दिखाता है कि कैसे जंगल की आवाजें और जानवरों का व्यवहार आसपास की परिस्थितियों का सटीक संकेत देते हैं। पर्यटकों द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद से ही यह वीडियो वन्यजीव प्रेमियों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है।










