मधुरम स्वीट्स कांड का खुलासा
- पुलिस की मुस्तैदी-चोरी की फिराक में घूम रहा शातिर चोर गिरफ्तार
- बैगा बैगी चौक पर ताला तोड़ते रंगे हाथ दबोचा गया आरोपी
- कई दुकानों में चोरी के प्रयास की बात कबूली
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर में बढ़ती चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा की जा रही रात्रि गश्त का बड़ा परिणाम सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने एक शातिर चोर को रंगे हाथ पकड़कर शहर की प्रसिद्ध दुकान मधुरम स्वीट्स में हुई चोरी सहित कई अन्य वारदातों का पर्दाफाश किया है।
जानकारी अनुसार 27 दिसंबर की मध्यरात्रि को जब कोतवाली पुलिस का गश्त दल बैगा बैगी चौक क्षेत्र में भ्रमण पर था, इसी दौरान आरोपी रवि उर्फ मुन्ना बैरागी 42 वर्ष अंजली स्टेशनरी का ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास कर रहा था। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। बताया गया कि पकड़े गए आरोपी से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने कई सनसनीखेज खुलासे किए।
आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 5 दिसंबर को मधुरम स्वीट्स का ताला तोड़कर वहां से दो मोबाइल फोन चोरी किए थे। वहीं 25 और 26 दिसंबर की दरमियानी रात उसने अंजली फोटो स्टूडियो, यूनिक फोटो स्टूडियो और लक्ष्मी नारायण कंप्यूटर के भी ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया था।
चोरी का माल बरामद
पुलिस ने आरोपी रवि बैरागी निवासी मोहनिया पटपरा, वर्तमान निवासी कटरा मंडला के कब्जे से चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं, जिनमें एक मोटोरोला कंपनी का की-पैड फोन और एक वीवो कंपनी का मोबाइल शामिल है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय मंडला के समक्ष पेश किया गया है।
टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस चोरी की गुत्थी सुलझाने में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शफीक खान के मार्गदर्शन में उनि. योगेश पाटीदार, सउनि नीरज मिश्रा, प्रआर. पूरन एडपाचे, बलवंत टेकाम, मोहन कुड़ापे और आरक्षक दिनेश, प्रियांश, रमेश, मृदुल, संदीप, हन्नु मार्को व परेश की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।









