बीजाडांडी में चोरों का तांडव
- घर के सामने खड़ी बोलेरो पार, दूसरी कार में भी की तोडफ़ोड़
- लगातार बढ़ती वारदातों से दहशत में ग्रामीण
- पुलिस की कार्यप्रणाली पर खड़े हो रहे सवाल
- सातिर चोरों ने दो गाडिय़ों को बनाया निशाना
मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी थाना अंतर्गत उदयपुर क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात चोरों ने ग्राम उदयपुर में जुपिटर कंपनी के सामने स्थित बाजार मोहल्ला में धावा बोला और घर के सामने खड़ी एक बोलेरो कार चोरी कर रफूचक्कर हो गए। चोरों ने एक अन्य कार को भी निशाना बनाया, लेकिन तकनीकी कारणों से उसे ले जाने में असफल रहे।
जानकारी अनुसार शनिवार की रात चोरों ने सबसे पहले सफेद रंग की टाटा विस्टा एमपी 20 सीडी 8097 का दरवाजा तोड़ा। चोरों ने कार का डैशबोर्ड खोलकर उसे डायरेक्ट वायर के जरिए स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी काफी दिनों से खड़ी होने के कारण स्टार्ट नहीं हुई। विफलता हाथ लगने पर चोरों ने महज 100 फीट की दूरी पर खड़ी ग्रे रंग की बोलेरो एमपी 20 एचए 8086 पर हाथ साफ किया और उसे लेकर फरार हो गए।
उजाले के बावजूद दिलेरी से की चोरी
हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल के सामने कंपनी होने की वजह से रात भर पर्याप्त रोशनी रहती है, इसके बावजूद चोरों ने बड़ी दिलेरी से वारदात को अंजाम दिया। वाहन मालिकों को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब मालिक ने दरवाजा खोला तो गाड़ी गायब देख उनके होश उड़ गए। वहीं विस्ता कार के मालिक ने जब अपनी गाड़ी का डैशबोर्ड खुला देखा, तब उन्हें चोरी के प्रयास का पता चला।
पुलिस के हाथ अब भी खाली
क्षेत्र में बढ़ती चोरियों ने पुलिस गश्त पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व की घटनाएं इससे पहले उदयपुर स्थित एसबीआई बैंक के ताले भी टूट चुके हैं, जिसके सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद भी पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। ढाबों के किनारे खड़े वाहनों से सैकड़ों लीटर डीजल चोरी होना यहाँ आम बात हो गई है। पीडि़तों की शिकायत पर बीजाडांडी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साधनों के जरिए गाड़ी की लोकेशन ट्रैक करने की कोशिश कर रही है।










