अंजनिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- नाबालिग को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
- अश्लील फोटो के जरिए डरा, धमकाकर कर रहा था प्रताडि़त
- पुलिस ने मांद में दबिश देकर दबोचा
मंडला महावीर न्यूज 29. अंजनिया चौकी पुलिस ने नाबालिग बालिका के साथ ब्लैकमेलिंग और दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने नाबालिग की अश्लील फोटो लेकर उसे सार्वजनिक करने की धमकी दी थी और इसी के जरिए वह उसे लगातार प्रताडि़त कर रहा था। बताया गया कि पीडि़त नाबालिग ने परिजनों के साथ पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी उसे जान से मारने और फोटो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार अपनी हवस का शिकार बना रहा था। डरी सहमी पीडि़ता की आपबीती सुनने के बाद पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल मामला दर्ज किया।
घेराबंदी कर दबोचे आरोपी को
पुलिस ने अपराध क्रमांक 599/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण शर्मा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसने ग्राम मांद में आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सत्यम पटेल को गिरफ्तार कर लिया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी शिकंजा कसते हुए विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। बीएनएस धारा 74, 78(1), 137(2), 65(1), 64(2)रू, 351(3), 308(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 7, 8, 11, 12, 5 एल एवं 6 के तहत मामला दर्ज किया है।
टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में चौकी प्रभारी प्रवीण शर्मा, एएसआई मेहंत लाल, प्रधान आरक्षक उत्तम गोठरिया, आरक्षक सुनील सिंह, कीर्ति नगपुरे, अंचल बघेल और दिनेश पगरवार का विशेष योगदान रहा। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।









