मंडला में शीतलहर का सितम, 6 डिग्री पहुंचा पारा
- कोहरे की चादर में लिपटा जिला
- 30 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में कड़ाके की ठंड का दौर लगातार जारी है। रविवार की रात इस सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई, जिसने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जिले के न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे पारा लुढ़ककर 6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। विशेष रूप से वन्यजीव पर्यटन के लिए प्रसिद्ध कान्हा नेशनल पार्क के कान्हा रेंज में पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा, जो जिले का सबसे कम तापमान रहा।
सोमवार की सुबह पूरा जिला घने कोहरे की आगोश में नजर आया। कोहरे के कारण दृश्यता इतनी कम हो गई कि सड़कों पर वाहन चलाना चुनौतीपूर्ण हो गया। नदियों के तटीय क्षेत्रों और मैदानी इलाकों में कोहरे की सघनता अधिक देखी गई। हालांकि, सुबह 8 बजे के बाद जैसे ही धूप खिली, कोहरा धीरे-धीरे छंटने लगा और जनजीवन सामान्य हुआ।
कान्हा में पर्यटकों का उत्साह बरकरार
हाड़ कंपा देने वाली इस ठंड के बावजूद कान्हा नेशनल पार्क में पर्यटकों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है। कड़ाके की ठंड में पार्क के विभिन्न क्षेत्रों में तापमान अलग-अलग रहा। जिसमें भिलवानी में 7.2 डिग्री, सूपखार: 6.0 डिग्री, बम्हनी मट्टा फेन अभ्यारण्य में 6.4 डिग्री, किसली व मुक्की में 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इस सीजन में भी सफारी का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंच रहे हैं, जो सुबह की धुंध के बीच जंगल के दृश्यों का लुत्फ उठा रहे हैं।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में पूर्वोत्तर भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 232 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं सक्रिय हैं। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में ठंड का असर बना रहेगा। बताया गया कि 30 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है। हालांकि मध्य प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ रहने की उम्मीद है और आने वाले कुछ दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
एक नजर तापमान पर
बीते एक सप्ताह से जिले का पारा लगातार गिर रहा है। 20 दिसंबर को जहां न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्र्री था, वहीं 25 दिसंबर को यह 9.2 डिग्री तक गया था, लेकिन पिछले 48 घंटों में इसमें भारी गिरावट आई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री दर्ज किया गया था, लेकिन दिन भर चली बर्फीली हवाओं के कारण धूप का असर बेअसर रहा और लोग दिन में भी गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।









