देविका पटेल ने विद्यार्थियों को बांटी शैक्षणिक सामग्री

करिया गांव में भागवत कथा का सातवां दिन: देविका पटेल ने विद्यार्थियों को बांटी शैक्षणिक सामग्री, शिक्षकों का किया सम्मान

मंत्री संपत्तिया उइके ने लिया आशीर्वाद, कृष्ण-सुदामा की मित्रता और संस्कारों पर केंद्रित रही कथा

मंडला महावीर न्यूज 29.  ग्राम करिया गांव में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के सातवें दिन अध्यात्म और शिक्षा का अनूठा संगम देखने को मिला। कथा वाचिका सुश्री देविका पटेल ने कथा के साथ-साथ सामाजिक सरोकार निभाते हुए ग्राम के एकीकृत प्राथमिक विद्यालय का भ्रमण किया। जहाँ उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा का सम्मान करते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों का तिलक लगाकर वंदन किया।

विद्या के मंदिर में संस्कारों की अलख

विद्यालय प्रवास के दौरान सुश्री देविका पटेल ने सभी छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक सामग्री उपहार स्वरूप भेंट की। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ नैतिक और संस्कारिक मूल्यों का होना अनिवार्य है। शिक्षकों की महिमा बताते हुए उन्होंने कहा, “शिक्षक वह आदर्श है जिसकी गोद में सृजन पलता है।” उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए भी सक्षम बनाएं।

मंत्री संपत्तिया उइके ने की प्रखर वक्तृत्व की सराहना

कथा के सातवें दिन मध्य प्रदेश शासन की पीएचई मंत्री श्रीमती संपत्तिया उइके ने भी करिया गांव पहुंचकर सुश्री देविका पटेल का अभिनंदन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। मंत्री श्रीमती उइके ने इतनी कम उम्र में देविका जी द्वारा फैलाए जा रहे ज्ञान के प्रकाश की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से जिले को नई ऊर्जा और राष्ट्र उत्थान की प्रेरणा मिलती है।

कृष्ण-सुदामा की मित्रता का प्रसंग

कथा के दौरान देविका जी ने भगवान कृष्ण के विवाह प्रसंग और बाणासुर वध का वर्णन किया। कृष्ण-सुदामा की मित्रता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में एक सच्चा मित्र मिलना सबसे बड़ी खुशकिस्मती है। सुदामा और कृष्ण की दोस्ती आज के युग में भी उतनी ही प्रासंगिक है। उन्होंने कथा के सफल आयोजन के लिए ठाकुर जी की कृपा और आयोजकों के प्रयासों को श्रेय दिया।

आज होगा पूर्णाहूति और महाप्रसाद वितरण

आयोजन के अंतिम दिन आज हवन-पूजन, कन्या पूजन और पूर्णाहूति का कार्यक्रम संपन्न होगा। सुश्री देविका पटेल के कर-कमलों से प्रबुद्ध जनों, वृद्धों और कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात विशाल महाप्रसादी (भंडारा) का वितरण होगा। कुर्मी समाज विकास संगठन जिला मंडला ने सभी श्रद्धालुओं से इस गरिमामयी अवसर पर उपस्थित होने की अपील की है।



Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles