स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी सौगात
- कैबिनेट मंत्री ने भालीवाड़ा में किया आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण
- 65 लाख की लागत से ग्रामीणों को मिलेगी हाईटेक स्वास्थ्य सुविधा
- एक ही छत के नीचे मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
- अब गांव में ही होगी जांच और उपचार
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी। प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सम्पतिया उइके ने ग्राम पंचायत भालीवाड़ा माल में नवनिर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया। इस केंद्र के शुरू होने से अब क्षेत्र के नागरिकों को सामान्य उपचार के लिए शहर की ओर नहीं दौडऩा पड़ेगा।
जानकारी अनुसार लगभग 65 लाख रुपए की लागत से तैयार इस आरोग्य मंदिर को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। मंत्री श्रीमती उइके ने बताया कि यहाँ ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ मिलेंगी। केंद्र की मुख्य विशेषताओं में मरीजों के परीक्षण के लिए विशेष ओपीडी कक्ष। बीमारियों की त्वरित पहचान के लिए लैब की सुविधा। टीकाकरण और प्रसव पूर्व जांच के लिए अलग से कक्ष। सुव्यवस्थित शौचालय एवं अन्य आवश्यक जनसुविधाएं मिलेगी।
स्वस्थ ग्राम से सशक्त भारत का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती उइके ने कहां कि यह आरोग्य मंदिर केवल एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की एक मजबूत कड़ी है। हमारा लक्ष्य है कि हर ग्रामीण को उसके घर के पास ही सस्ती और सुलभ चिकित्सा मिले। यह कदम स्वस्थ ग्राम-सशक्त भारत के सपने को साकार करने में सहायक सिद्ध होगा।
ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
लोकार्पण समारोह के दौरान जिला पंचायत सदस्य शालिनी साहू, भालीवाड़ा सरपंच, टिकरवारा सरपंच श्रद्धा उइके करवेती सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण जन मौजूद थे।









