कान्हा के बफर जोन में बाघ का लाइव शिकार
- बाउंड्री वॉल से मवेशी को घसीट ले गया पट्टेवाला बाघ
- साल ट्री रिसोर्ट के पास हुई घटना का वीडियो वायरल
- मुक्की क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्वप्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में बाघ की सक्रियता ने एक बार फिर ग्रामीणों और पर्यटकों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। मुक्की क्षेत्र के बंजारी टोला इलाके में बुधवार देर रात एक बाघ द्वारा मवेशी का शिकार किए जाने का सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सड़क पर घसीटता दिखा बाघ
वायरल वीडियो साल ट्री रिसोर्ट के समीप का बताया जा रहा है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि एक विशाल बाघ, मवेशी को भवन की बाउंड्री वॉल से खींचकर मुख्य सड़क तक लाता है और फिर बेखौफ होकर उसे अपने साथ घसीटते हुए ले जाता है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि शिकार करने वाला बाघ कान्हा का प्रसिद्ध पट्टेवाला मेल (टी-125) हो सकता है, हालांकि वन विभाग ने फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
क्षेत्र में अलर्ट जारी
बफर जोन से सटे गांवों और रिसोर्ट क्षेत्र में इस घटना के बाद वन विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग ने ग्रामीणों और रिसोर्ट प्रबंधन को सतर्क रहने तथा रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है। सुरक्षा के मद्देनजर वन अमला क्षेत्र में निगरानी बढ़ा रहा है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय जनहानि को रोका जा सके।










