अतिक्रमण की जद में नारायणगंज का मुख्य बस स्टैंड
- पंचायत की शिकायत के बाद भी प्रशासन मौन
- हाथ-ठेला संचालकों की मनमानी से आवागमन ठप
- विवाद की आशंका के बीच कार्रवाई का इंतजार
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम पंचायत पड़रिया उर्फ नारायणगंज मुख्यालय के मुख्य बस स्टैंड परिसर में वर्षों से काबिज अस्थाई अतिक्रमण अब आम जनमानस और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। ग्राम पंचायत नारायणगंज द्वारा तहसीलदार नारायणगंज और थाना प्रभारी टिकरिया को पत्र लिखकर अवैध रूप से हाथ-ठेला लगाने वालों पर कठोर कार्यवाही की मांग की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम न उठाए जाने से प्रशासनिक भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
बताया गया कि पंचायत द्वारा जारी पत्र के अनुसार पूर्व में हाथ-ठेला व्यवसायों के कारण बस संचालन बंद हो गया था, जिसे जिला परिवहन अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद पुन: शुरू कराया गया। उस समय ग्राम सभा में प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में ठेला संचालकों के लिए 30 वाई 40 फिट का स्थान निर्धारित किया गया था। वर्तमान में अधिकांश व्यवसायी वहाँ जा चुके हैं, लेकिन कुछ दुकानदार हठधर्मिता दिखाते हुए मुख्य मार्ग और आवागमन वाले क्षेत्रों में दुकानें लगा रहे हैं, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है।
कठोर कार्यवाही की मांग
सरपंच और सचिव द्वारा भेजे गए पत्र में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि इन उल्लंघनकर्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज कर सामग्री जब्ती की कार्यवाही नहीं की गई, तो भविष्य में पूरे बस स्टैंड परिसर को खाली कराकर किसी भी दुकानदार को स्थान आवंटित नहीं किया जाएगा। पंचायत ने अवगत कराया है कि वे स्वयं के स्तर पर नोटिस और जुर्माने की कार्यवाही कर चुके हैं, किंतु पुलिस और राजस्व विभाग के सहयोग के बिना स्थिति नियंत्रण से बाहर हो रही है।
इनका कहना है
पंचायत द्वारा हॉट बाजार की वसूली की जाती है, यह पंचायत की जिम्मेदारी है, लेकिन पडरिया पंचायत द्वारा अतिक्रमण हटाने का आवेदन दिया गया है, मौके पर जाकर लोगों को समझाईश दी जाएगी और निर्धारित स्थान में दुकान लगाने कहां जाएगा।
संगम पटले, तहसीलदार, नारायणगंज










