मंडला पुलिस की बड़ी रेड: बीजाडांडी में 45 पेटी अवैध शराब के साथ जायलो कार जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर से मंडला आ रही थी विदेशी शराब की खेप, घेराबंदी के दौरान रेलिंग से टकराई तस्करों की गाड़ी
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला, रजत सकलेचा के निर्देशन में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजाडांडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक महिंद्रा जायलो कार से भारी मात्रा में अवैध देशी और विदेशी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य चालक और उसका साथी फरार होने में सफल रहे।
मुखबिर की सूचना पर ग्राम उदयपुर में कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 दिसंबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली थी कि जबलपुर की ओर से एक काले रंग की महिंद्रा जायलो कार (MP18T-1386) अवैध शराब लेकर मंडला की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही बीजाडांडी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पांडेय के नेतृत्व में टीम ने ग्राम उदयपुर स्थित राजस्थान ढाबा के पास नाकाबंदी की।
पुलिस को देख वाहन चालक ने गाड़ी भगाने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण कार सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। मौके का फायदा उठाकर चालक फरार हो गया, जबकि वाहन में सवार एक अन्य युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
जब्त शराब और वाहन का विवरण
पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से विभिन्न ब्रांडों की रम, व्हिस्की, बीयर और प्लेन मदिरा के कुल 45 कार्टून बरामद हुए।
- कुल शराब: लगभग 382.32 लीटर
- शराब की कीमत: ₹3,08,860/-
- कुल जब्ती (वाहन सहित): ₹10,28,860/-
आरोपी और फरार तस्कर
पकड़े गए आरोपी की पहचान रामकुमार उर्फ धर्मेंद्र तेकाम (22 वर्ष), निवासी ग्राम निवारी (नैनपुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चालक अभिषेक पटेल और सहयोगी अमन नैनपुर के साथ मिलकर यह शराब जबलपुर से मंडला ला रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में जंगल और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पांडेय, उनि. पंकज विश्वकर्मा, सउनि छविलाल सूर्यवंशी, मुरारीलाल धुर्वे, अक्षय यादव, प्रआर. चैन सिंह कुलस्ते, जय पांडेय, रविंद्र मरावी, आर. अलोक मरावी और चालक विजय छिरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









