किशोरों के सशक्तिकरण के लिए सृजन कार्यक्रम का आगाज

किशोरों के सशक्तिकरण के लिए सृजन कार्यक्रम का आगाज, पुलिस और प्रशासन की अनूठी पहल

  • 18 दिवसीय प्रशिक्षण में सीखेंगे आत्मरक्षा और जीवन कौशल
  • युवा बनेंगे समाज के चेंज एजेंट

मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय में किशोर-किशोरियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मंडला जिला पुलिस बल, स्कूल प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग और स्थानीय एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में सृजन कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस महत्वाकांक्षी अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोर-किशोरियों में आत्मरक्षा, आत्मविश्वास, कानूनी जागरूकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है, जिससे वे समाज के जिम्मेदार और सशक्त नागरिक बन सकें।

बताया गया कि यह विशेष प्रशिक्षण 18 दिनों तक चलेगा। इस सृजन कार्यक्रम को एक गहन प्रशिक्षण मॉड्यूल के रूप में डिजाइन किया गया है। यह कार्यक्रम कुल 18 दिनों तक चलेगा, जिसमें 36 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें प्रतिदिन दो घंटे की विशेष कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। जिसमें फिटनेस, स्वास्थ्य, कानूनी अधिकार, लैंगिक समानता और जीवन कौशल जैसे विषयों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया जाएगा।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद 

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा, एसडीओपी पीयूष मिश्रा, डीएसपी (महिला सुरक्षा) सतीश चतुर्वेदी और जिला खेल अधिकारी विकास खराड़कर प्रमुख थे। विद्यालय प्राचार्य कल्पना नामदेव, रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी, थाना प्रभारी महाराजपुर जय सिंह यादव और महिला एवं बाल विकास विभाग से रोहित बड़कुल ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

समुदाय में बदलाव लाएंगे युवा चेंज एजेंट्स 

विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को न केवल सुरक्षित बनाया जाएगा, बल्कि उन्हें युवा चेंज एजेंट्स के रूप में तैयार किया जाएगा जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्षम होंगे। प्रशिक्षण के बाद भी विभाग द्वारा निरंतर फॉलो-अप और मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाएगा ताकि सामुदायिक जुड़ाव बना रहे।



 

Leave a Comment