वार्षिक उत्सव में बिखरी सांस्कृतिक छटा

वार्षिक उत्सव में बिखरी सांस्कृतिक छटा, कलेक्टर और एसपी ने किया विवेकानंद हॉल का लोकार्पण

  • ज्ञानदीप स्कूल के नर्सरी से 12वीं तक के छात्रों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
  • खेल और शिक्षा में अव्वल विद्यार्थी हुए सम्मानित

मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय ज्ञानदीप हायर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक उत्सव का आयोजन धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस समारोह में जिले के कलेक्टर सोमेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथियों ने विद्यालय परिसर में नवनिर्मित स्वामी विवेकानंद हॉल का रिबन काटकर विधिवत उद्घाटन किया। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस नए हॉल के मंच पर दीप प्रज्ज्वलन कर इसे विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों को समर्पित किया गया।

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन 

वार्षिक उत्सव के दौरान नर्सरी से लेकर बारहवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। स्वागत नृत्य से शुरू हुए इस सफर में विद्यार्थियों ने गीत, नाटक और विभिन्न सांस्कृतिक नृत्यों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों का उत्साह और उनके द्वारा दी गई प्रस्तुतियां देखकर उपस्थित अभिभावक अत्यंत गद्गद नजर आए।

अतिथियों का किया सम्मान 

विद्यालय के सचिव संजय तिवारी ने कलेक्टर सोमेश मिश्रा का और वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय खोत ने पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा का शाल एवं पौधा भेंटकर सम्मान किया। प्राचार्य दिनेश दुबे एवं रफीक खान ने विद्यालय समिति के सदस्यों का भी अभिनंदन किया। प्राचार्य द्वारा वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें स्कूल की शैक्षणिक और खेल जगत की उपलब्धियों का ब्यौरा दिया गया।

प्रतिभाशाली छात्र हुए पुरस्कृत 

समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा एवं शाला सचिव संजय तिवारी ने शैक्षणिक प्रवीण्य सूची में स्थान पाने वाले और खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम के अंत में पालकों ने नवनिर्मित हॉल का अवलोकन किया और विद्यालय के इस नए कदम की सराहना की। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों और पालकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



 

Leave a Comment