मवई के वनांचल में स्वास्थ्य सेवाओं की दस्तक

मवई के वनांचल में स्वास्थ्य सेवाओं की दस्तक

  • चंदगाँव शिविर में टीबी और एनसीडी की स्क्रीनिंग
  • उप स्वास्थ्य केंद्र चंदगांव में बीपी-शुगर के मरीजों की जांच
  • मौसमी बीमारियों पर दी गई सलाह

मंडला महावीर न्यूज 29. मवई विकासखंड के आदिवासी बाहुल्य वनांचल क्षेत्र ग्राम पंचायत चंदगाँव में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। उप स्वास्थ्य केंद्र चंदगाँव द्वारा आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपना परीक्षण कराया।शिविर के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अश्विनी कापसे ने दो कार्यक्रमों के अंतर्गत एनसीडी (गैर-संचारी रोग) और टीबी (क्षय रोग) की स्क्रीनिंग की। इस दौरान उच्च रक्तचाप (बीपी) और मधुमेह (शुगर) के मरीजों को चिन्हित कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। साथ ही वर्तमान में चल रही मौसमी बीमारियों जैसे सर्दी, खांसी और बुखार से बचाव के तरीकों के बारे में ग्रामीणों को विस्तार से जागरूक किया गया।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनपद सदस्य हरे सिंह पंद्रे ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव रहता है, इसलिए ऐसे शिविर वर्ष में कम से कम 2 से 3 बार आयोजित किए जाने चाहिए ताकि ग्रामीणों को घर के पास ही इलाज मिल सके।अश्विनी कापसे के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में ग्राम पंचायत सरपंच बिशनी बाई मरावी, सचिव ओमप्रकाश धुर्वे, एवं प्रताप मरावी सहित ग्राम के गणमान्य नागरिक और स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित रहा। ग्रामीणों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए विभाग का आभार व्यक्त किया।


रिपोर्ट- सुशील बंजारा, मोतीनाला, मवई


 

Leave a Comment