ग्रामीणों को बैंकिंग और बचत के गुर सिखा रही समर्पित संस्था
- औरई में वित्तीय साक्षरता शिविर संपन्न
- छोटी बचत से बनेगा बड़ा भविष्य
- बिछिया में महिलाओं को दी गई अटल पेंशन योजना और बैंकिंग सुरक्षा की जानकारी
मंडला महावीर न्यूज 29. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया मंडला द्वारा प्रायोजित समर्पित संस्थान सीएफएल के माध्यम से जिले के सभी नौ ब्लॉकों में वित्तीय साक्षरता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड बिछिया की ग्राम पंचायत औरई में विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
बैंकिंग सेवाओं और बचत पर जोर
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं से जोडऩा और बचत के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में मौजूद वित्तीय विशेषज्ञों ने बताया कि किस तरह छोटी-छोटी बचत के माध्यम से भविष्य के लिए एक बड़ा धन कोष तैयार किया जा सकता है। महिलाओं को स्वरोजगार और सुरक्षित भविष्य के लिए अटल पेंशन योजना की बारीकियों से अवगत कराया गया और उन्हें योजना का लाभ लेने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
धोखाधड़ी से बचने की सलाह वित्तीय साक्षरता के साथ-साथ ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग और साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए गए। ब्लॉक काउंसलर स्वाति सोनी ने ग्राम पंचायतों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों को बैंक के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इनकी रही उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में आरओ लक्ष्मी पटेल और ब्लॉक काउंसलर स्वाति सोनी सहित ग्राम पंचायत का स्टाफ और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। समर्पित संस्थान सीएफएल द्वारा मंडला जिले के सभी ब्लॉकों में निरंतर इस तरह के शिविर लगाकर आमजन को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।









