आज से निवास की ऐतिहासिक मड़ई का आगाज
- चंडी पूजन के साथ शुरू होगा तीन दिवसीय मेला, सज गया मड़ई मेला
- झूलों के साथ जादूगर फारुख के कारनामों के बीच मनोरंजन का लगेगा तड़का
मंडला महावीर न्यूज 29. तहसील निवास मुख्यालय की सुप्रसिद्ध तीन दिवसीय मड़ई का शुभारंभ आज गुरुवार से होने जा रहा है। आयोजन की शुरुआत परंपरा के अनुसार चंडी पूजन के साथ की जाएगी, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस वर्ष मड़ई मेले में मनोरंजन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मेला स्थल पर आकाशीय झूला, ड्रैगन झूला, क्रॉस झूला, ब्रेक डांस और रोमांचक मौत का कुआं जैसे कई साधन पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही महाकौशल के मशहूर जादूगर फारुख भी अपनी जादुई कला से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। मेले में बड़ी संख्या में व्यापारी भी अपनी दुकानें सजाने पहुंच गए हैं।
मड़ई ठेकेदार ओमप्रकाश रजक ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। नगर परिषद द्वारा भी सफाई और प्रकाश की उचित व्यवस्था की गई है, जबकि प्रशासन की टीम लगातार मेला स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है। मड़ई को लेकर स्थानीय लोगों और आसपास के ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे









