कलेक्टर का चिरईडोंगरी में सीधा संवाद
- प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत मौके पर सुनीं जनसमस्याएं
- सुशासन सप्ताह में ग्रामीणों के बीच पहुंचे कलेक्टर सोमेश मिश्रा
- स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा को लेकर दिए कड़े निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में आयोजित सुशासन सप्ताह प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत प्रशासनिक अमला सीधे ग्रामीणों के द्वार पहुंच रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर सोमेश मिश्रा जनपद पंचायत नारायणगंज की ग्राम पंचायत चिरईडोंगरी में आयोजित विशेष शिविर में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर शासन की योजनाओं का फीडबैक लिया और जनशिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने शिविर के दौरान राशन वितरण, पेयजल उपलब्धता, आंगनवाड़ी संचालन और धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुशासन का अर्थ प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और संवेदनशीलता लाना है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति को सेवाओं के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
पोषण और स्वरोजगार पर विशेष ध्यान
स्वास्थ्य एवं पोषण की चर्चा करते हुए कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं को जागरूक किया और उन्हें पौष्टिक आहार के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला स्व-सहायता समूहों को ग्राम पंचायत स्तर पर सब्जी उत्पादन जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाए, जिससे पोषण सुरक्षा के साथ महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण भी हो सके।
सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश, छात्र
नर्मदा तट के समीप होने के कारण कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विशेष पर्वों और आयोजनों के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय तैराकों की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में आयोजित चित्रकारी एवं रंगोली प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। शिविर में एसडीएम एसएल वर्मा, जनपद पंचायत सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।









