युवक की संदिग्ध मौत पर हत्या का आरोप, किया चक्काजाम

चक्काजाम, युवक की संदिग्ध मौत पर हत्या का आरोप

  • ग्रामीणों ने 4 घंटे तक बाधित रखा मंडला, निवास, जबलपुर मार्ग
  • हादसा या साजिश, मारुति वैन में मिला चालक का शव
  • परिजनों ने कहा साथियों ने मिलकर की हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कोहका में उस समय मातम और तनाव फैल गया, जब 25 वर्षीय युवक सत्यम बर्मन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक मारुति वैन के नीचे दबा मिला। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार सुबह निवास न्यायालय परिसर के सामने चक्काजाम कर दिया। लगभग चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण निवास-जबलपुर मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।जानकारी अनुसार ग्राम कोहका निवासी सत्यम बर्मन मंगलवार की रात अपनी ही मारुति वैन लेकर गांव के ही दो युवकों, अभिषेक और शुभम के साथ निकला था। मृतक के बड़े भाई रविंद्र बर्मन ने बताया कि रात 11 बजे जब उन्होंने अभिषेक को फोन किया, तो उसने सत्यम के साथ होने से साफ इनकार कर दिया। लेकिन रात करीब 2 बजे शुभम ने फोन कर सूचना दी कि जबलपुर जिले के कुंडम थाना क्षेत्र के महेशपुरी और देवहरा के पास उनकी वैन पलट गई है और सत्यम गाड़ी के नीचे दब गया है।

परिजनों ने लगाए आरोप 

बताया गया कि परिजन जब मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि सत्यम वैन के नीचे दबा हुआ था, जबकि उसके साथ गए दोनों युवक सुरक्षित थे और पास ही आग जलाकर बैठे थे। सत्यम को तुरंत निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का सीधा आरोप है कि यह सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि गाड़ी पलटी थी, तो बाकी दो युवकों को खरोंच तक क्यों नहीं आई। इसके साथ ही फोन पर पहले सत्यम के साथ होने से इनकार करना और फिर हादसे की खबर देना संदेह को गहरा करता है। परिजनों ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि सुबह जब वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे, तो पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय उन्हें वहां से भगा दिया, जिसके कारण उन्हें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।

मौके पर पहुंचा प्रशासनिक अमला 

चक्काजाम की खबर मिलते ही निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल, तहसीलदार संदीप नागौसे, नायब तहसीलदार आलोक सोनी सहित बीजाडांडी और मनेरी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। साथ ही निवास विधायक चैन सिंह वरकड़े और भाजपा-कांग्रेस के जनप्रतिनिधि भी वहां पहुंचे। काफी समझाइश और निष्पक्ष जांच के लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और चार घंटे बाद जाम खोला गया।

दो संदिग्ध युवकों को लिया हिरासत में 

पुलिस ने इस मामले में दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया है। लेकिन घटना स्थल जबलपुर जिले का कुंडम थाना क्षेत्र है, इसलिए निवास पुलिस ने जीरो पर कायमी दर्ज कर डायरी कुंडम पुलिस को सौंप दी है। बताया गया कि घटनास्थल का वैज्ञानिक परीक्षण जबलपुर की एफएसएल टीम द्वारा किया जाएगा।   

जबलपुर मेडिकल कॉलेज में किया गया पीएम 

बताया गया कि घंटों प्रदर्शन चलने के बाद ग्रामीण व परिजन युवक के पीएम कराने के लिए माने मृतक युवक को मर्चुरी लेकर गए लेकिन परिजनों ने स्थानीय चिकित्सकों से पीएम कराने से मना कर दिया और न ही मंडला जिला अस्पताल के लिए भी परिजन नहीं माने जिसके बाद मृतक का शव जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया हैं जहां शव का पीएम कराया जा रहा हैं।

परिवार का इकलौता सहारा था सत्यम 

सत्यम की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कुछ वर्ष पूर्व उसके पिता का निधन हो गया था। घर में एक वृद्ध माता और एक विकलांग भाई है, जिनकी पूरी जिम्मेदारी सत्यम के कंधों पर थी। वह अपनी वैन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। इस घटना के बाद पूरे कोहका ग्राम में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे


 


 

Leave a Comment