विकास की बाट जोहता धनगांव

विकास की बाट जोहता धनगांव

  • कछुआ गति से चल रहे निर्माण कार्यों ने बढ़ाई ग्रामीणों की मुसीबतें
  • करोड़ों की स्वीकृति के बाद भी बुनियादी सुविधाओं को तरस रहा धनगांव
  • प्रशासनिक अनदेखी से ग्रामीण आक्रोशित

मंडला महावीर न्यूज 29. शासन द्वारा विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच मोहगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत धनगांव आज भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। विश्व प्रसिद्ध दुर्वासा ऋषि आश्रम और नर्मदा तट दुपटा घाट के समीप स्थित यह पंचायत बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वीकृत निर्माण कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहे हैं, जिससे आवागमन और आपातकालीन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं।ग्रामीण संतलाल यादव और रूमलाल यादव ने बताया कि विश्वकर्मा टोला से नर्मदा तट तक सड़क और सीढ़ी निर्माण की नितांत आवश्यकता है। वहीं विश्वकर्मा टोला से बिलगड़ा तक वर्ष 2023-24 में स्वीकृत सड़क का कार्य कछुआ गति से चल रहा है। सड़क पर केवल डस्ट बिछाकर छोड़ दिया गया है, जिससे दोपहिया वाहन चलाना भी जोखिम भरा हो गया है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़क का कार्य भी कछुआ चाल से चल रहा है, जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।

चारपाई के भरोसे स्वास्थ्य सेवाएं 

ग्रामीणों ने दर्द बयां करते हुए कहा कि खराब सड़कों के कारण वर्षा ऋतु में स्थिति नारकीय हो जाती है। प्रसव जैसी आपातकालीन स्थिति में गर्भवती महिलाओं को चारपाई पर लिटाकर कंधों के सहारे कई किलोमीटर दूर पक्की सड़क तक ले जाना पड़ता है। स्वास्थ्य कर्मी भी इन गांवों में केवल खानापूर्ति करने ही पहुंचते हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चौपट हैं।

जल जीवन मिशन और शिक्षा की बदहाली 

एक तरफ सरकार हर घर नल से जल का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर दुपटा, धनगांव और रमपुरी में ग्रामीण आज भी हैंडपंप और नदी-नालों पर कतारबद्ध दिखाई देते हैं। शिक्षा का हाल भी बेहाल है, स्कूल भवन जीर्णशीर्ण अवस्था में हैं, जो बारिश में टपकते हैं।

प्रशासनिक दखल की मांग 

क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत तो हैं, लेकिन धरातल पर केवल लीपापोती नजर आ रही है। समय-सीमा में कार्य पूर्ण न होने से ग्रामीण शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत योजनाओं से वंचित हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्यों की जांच कराई जाए और इन्हें समय पर पूर्ण कर धनगांव को बदहाली से मुक्ति दिलाई जाए।



 

Leave a Comment