50 पेटी अंग्रेजी शराब परिवहन मामले के मास्टरमाइंड सलाखों के पीछे

मंडला पुलिस की बड़ी सफलता, आबकारी एक्ट के तहत पुलिस की कार्रवाई

  • अवैध शराब तस्करी के मामले में फरार चालक समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
  • 50 पेटी अंग्रेजी शराब परिवहन मामले के मास्टरमाइंड सलाखों के पीछे

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में मंडला पुलिस को अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बम्हनी पुलिस ने पूर्व में हुई शराब तस्करी की घटना की कडिय़ां जोड़ते हुए फरार मुख्य आरोपी सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।

जानकारी अनुसार बीते 18 जुलाई 2025 को थाना बम्हनी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एक बोलेरो पिकअप क्रमांक एमपी 13 जेडएफ 4510 को रोका था। उस दौरान वाहन चालक अंधेरे और झाडिय़ों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस ने 50 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की थी, जिसे तत्काल जप्त कर लिया गया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में वाहन चालक राहुल बैरागी 29 वर्ष निवासी बड़ी खैरी, मंडला, नीरज कछवाह उर्फ नाटू 25 वर्ष निवासी वार्ड नं. 10 मंडला और विकास राय 35 वर्ष निवासी ग्राम कटरा, मंडला को पकड़ा गया है।

न्यायालय में पेश किया पेश 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा फरार आरोपियों की तलाश हेतु विशेष निर्देश दिए गए थे। विवेचना के दौरान पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन चालक राहुल बैरागी को गिरफ्तार किया। आरोपी राहुल से कड़ाई से पूछताछ करने पर इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य साथियों के नाम भी सामने आए। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने साजिश में शामिल दो अन्य आरोपी नीरज कछवाह उर्फ नाटू और विकास राय को भी घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

पुलिस टीम को मिला पुरस्कार 

इस महत्वपूर्ण सफलता और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने वाली टीम की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने थाना प्रभारी बम्हनी उनि अरुण भदौरिया, उनि जयंत पिछोड़े, प्रआ राजेंद्र परस्ते, इंदर राजपूत, आरक्षक नंदू मरावी, नवीन कठौते और सुरेश भटेरे को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।


 

Leave a Comment