FLS-कक्षा 3 के विद्यार्थियों के बुनियादी ज्ञान की होगी परख

एफएलएस-कक्षा 3 के विद्यार्थियों के बुनियादी ज्ञान की होगी परख

  • प्रदेश की सैंपल शालाओं में 26 फरवरी को आयोजित होगी स्टडी
  • टेबलेट के माध्यम से दर्ज होंगे जवाब, डिजिटल माध्यम से होगा मूल्यांकन

मंडला महावीर न्यूज 29. शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार और परख एनसीईआरटी नई दिल्ली के निर्देशानुसार कक्षा 3 के विद्यार्थियों के बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान को परखने के लिए फाउण्डेशनल लर्निंग स्टडी (एफएलएस) 2025-26 का आयोजन 26 फरवरी को किया जाएगा। इस राष्ट्रव्यापी अध्ययन का मुख्य उद्देश्य मिशन निपुण भारत के अंतर्गत कक्षा 1 और 2 में विद्यार्थियों द्वारा अर्जित किए गए कौशलों का मूल्यांकन किया जाएगा।

जानकारी अनुसार राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार यह अध्ययन पारंपरिक पेपर, पेंसिल विधि के बजाय पूरी तरह से डिजिटल यानी टेबलेट आधारित होगा। अध्ययन के दौरान एनसीईआरटी द्वारा नियुक्त फील्ड इन्वेस्टिगेटर्स विद्यार्थियों से व्यक्तिगत रूप से (वन-टू-वन) प्रश्न पूछेंगे और उनके उत्तरों को वास्तविक समय में टेबलेट में फीड करेंगे। इसमें न केवल विद्यार्थियों के मौखिक उत्तर, बल्कि उनके लेखन कौशल को भी विशेष रूप से परखा जाएगा।

डीएलएड प्रशिक्षार्थी बनेंगे फील्ड इन्वेस्टिगेटर 

बताया गया कि अध्ययन के लिए सैंपल शालाओं का चयन यू-डाईस डेटा के आधार पर सीधे भारत सरकार द्वारा किया जाएगा। इसमें जिले की कोई भी शासकीय, अशासकीय, नवोदय या केंद्रीय विद्यालय शामिल हो सकते हैं। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस प्रक्रिया में शिक्षकों या विभागीय अधिकारियों को फील्ड इन्वेस्टिगेटर नहीं बनाया जाएगा। इसके स्थान पर डाइट में अध्ययनरत डीएलएड प्रशिक्षार्थियों को इस कार्य के लिए नियुक्त किया जाएगा।

इन प्रमुख दक्षताओं की होगी जांच 

एफएलएस के दौरान विद्यार्थियों के भाषाई और गणितीय ज्ञान की गहराई से जांच की जाएगी। जिसमें प्रमुख दक्षताओं में भाषाई जान, गणितीय ज्ञान और अध्ययन के उपरांत परख की जांच की जाएगी। बताया गया कि भाषाई ज्ञान में मौखिक भाषा की समझ, ध्वन्यात्मक जागरूकता और पढऩे की प्रवाहशीलता शामिल होगी। वहीं गणितीय ज्ञान में संख्याओं की पहचान, संख्या संक्रियाएं, गुणा और भाग के तथ्य, मापन, भिन्न, पैटर्न और डेटा हैंडलिंग की जांच की जाएगी। इसके साथ ही अध्ययन के उपरांत परख में एनसीईआरटी द्वारा स्टेट रिपोर्ट कार्ड जारी किया जाएगा, जिसमें राज्य स्तर पर शिक्षा की स्थिति का आकलन होगा।

तैयारियों के लिए विशेष टूल किट उपलब्ध 

अध्ययन के सफल संचालन के लिए एनसीईआरटी ने हिंदी और अंग्रेजी माध्यम में विशेष स्टडी मटेरियल (टूल किट) उपलब्ध कराया है। जिला परियोजना समन्वयकों को निर्देशित किया गया है कि वे इस टूल किट को सभी शासकीय और अशासकीय शालाओं के साथ साझा करें। शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस टूल किट में दिए गए प्रश्नों के आधार पर कक्षा 3 के विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास कराएं जिससे विद्यार्थी इस डिजिटल मूल्यांकन प्रक्रिया से भली-भांति परिचित हो सकें। जिला शिक्षा केंद्र मंडला और राज्य शिक्षा केंद्र ने इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करने के निर्देश जारी किए हैं।


 

Leave a Comment