कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तारीखें घोषित

कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तारीखें घोषित

  • 20 फरवरी से शुरू होगा परीक्षा उत्सव
  • राज्य शिक्षा केंद्र ने जारी किया कक्षा 5 और 8 का परीक्षा टाइम-टेबल
  • दोपहर की पाली में आयोजित होंगे पेपर

मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र राज्य शिक्षा केंद्र ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक परीक्षाओं की समय-सारणी आधिकारिक रूप से जारी कर दी है। प्रदेश की समस्त शासकीय, मान्यता प्राप्त अशासकीय, अनुदान प्राप्त शालाओं और डाईस कोड प्राप्त मदरसों में अध्ययनरत नियमित छात्रों के लिए यह परीक्षाएं 20 फरवरी 2026 से शुरू होकर 28 फरवरी 2026 तक संचालित की जाएंगी।

बताया गया कि राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षाएं दोपहर 02 बजे से शाम 4.30 बजे की अवधि में आयोजित होंगी। कक्षा 5वीं की परीक्षा 20 फरवरी को प्रथम भाषा हिन्दी, अंग्रेजी, उर्दू, मराठी के साथ शुरू होगी और 26 फरवरी को अतिरिक्त भाषा के पेपर के साथ समाप्त होगी। वहीं कक्षा 8वीं की परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी को सामाजिक विज्ञान के अंतिम पेपर के साथ संपन्न होंगी।

दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रावधान 

परीक्षा में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। नि:शक्त विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकतानुसार परीक्षा के लिए अतिरिक्त समय और लेखक की सुविधा प्रदान की जाएगी। शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि परीक्षा अवधि के दौरान कोई स्थानीय या अन्य अवकाश घोषित होता है, तब भी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही संपन्न कराई जाएंगी।

प्रशासनिक तैयारियां और पोर्टल पर प्रविष्टि करने के दिए निर्देश 

जिला शिक्षा केंद्र मंडला द्वारा जारी पत्र के अनुसार सभी विकासखंड स्रोत समन्वयकों को निर्देशित किया गया है कि वे शालाओं में छात्रों का त्रुटिहीन पंजीयन और सत्यापन समय-सीमा में सुनिश्चित करें। इसके साथ ही छात्रों के अर्धवार्षिक परीक्षा और प्रोजेक्ट के अंकों की प्रविष्टि परीक्षा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं। अशासकीय शालाओं को परीक्षा शुल्क का भुगतान भी इसी पोर्टल के माध्यम से करना होगा।

निरीक्षण और मूल्यांकन की व्यवस्था 

परीक्षाओं का सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला स्तर पर जिला परीक्षा समिति का गठन किया गया है, जिसकी अध्यक्षता जिला कलेक्टर करेंगे। यह समिति परीक्षा केंद्रों और मूल्यांकन केंद्रों के निर्धारण का कार्य करेगी। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की कठिनाई या गोपनीयता भंग होने की स्थिति में राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। बताया गया कि इस बार भी स्वाध्यायी (प्राइवेट) परीक्षार्थियों के लिए परीक्षाओं का आयोजन मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा किया जाएगा। राज्य शिक्षा केंद्र ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा संबंधी समस्त तैयारियां और गतिविधियां निर्देशिका में दी गई समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं।


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles