दो बाइकों की भिड़ंत, एक युवक की हालत गंभीर, जबलपुर रेफर
- बीजेगांव और मानेगांव के बीच हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज से चुटका मार्ग पर ग्राम बीजेगांव और मानेगांव के बीच एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक सवार काफी तेज रफ्तार में थे, जिसके कारण बाईक का संतुलन बिगडऩे से यह दुर्घटना हुई। बताया गया कि हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए डायल 112 को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सड़क पर पड़े दोनों घायलों को डायल वाहन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया।
जानकारी अनुसार इस दुर्घटना में ग्राम बीजेगांव निवासी 25 वर्षीय रवि कुशराम पिता मोहन कुशराम और 22 वर्षीय प्रदीप मरकाम पिता श्रवण मरकाम घायल हुए हैं। हादसे में घायल प्रदीप की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने तत्काल उपचार शुरू किया। गंभीर घायल को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें होने के कारण, चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल जबलपुर रेफर कर दिया है। हादसे की जानकारी मिलते ही टिकरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। टिकरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।









