आधी रात सड़कों पर उतरे एसपी रजत सकलेचा
- कंट्रोल रूम और थानों का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
- बस स्टैंड पर यात्रियों से सीधा संवाद कर एसपी ने लिया फीडबैक
- एक्शन मोड में मंडला पुलिस, ड्यूटी पर तैनात अमले को दी नसीहत
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और पुलिस की रात्रिकालीन कार्यप्रणाली को परखने के लिए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने मध्यरात्रि में शहर का औचक निरीक्षण किया। एसपी के अचानक फील्ड पर उतरने से पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति रही।
जानकारी अनुसार निरीक्षण की शुरुआत पुलिस कंट्रोल रूम से हुई, जहां एसपी ने सीसीटीवी रूम का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने शहर में लगे कैमरों की लाइव फीड देखते हुए रिस्पॉन्स टाइम की समीक्षा की और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए।
चौकी और कोतवाली का किया निरीक्षण
एसपी सकलेचा हॉस्पिटल चौकी पहुंचे, जहाँ उन्होंने रजिस्टरों के संधारण और रात की ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति जांची। उन्होंने थाना कोतवाली का भी निरीक्षण किया, जहाँ रात्रिकालीन गश्त, विभिन्न ड्यूटी पॉइंट्स और लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सुरक्षा प्रबंधों को पुख्ता करने के निर्देश दिए।
बस स्टैंड पर यात्रियों से किया सीधा संवाद
शहर भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक बस स्टैंड चौकी पहुंचे। यहाँ उन्होंने केवल पुलिस व्यवस्था को ही नहीं देखा, बल्कि सार्वजनिक स्थल पर मौजूद राहगीरों और यात्रियों से सीधे चर्चा की। एसपी ने यात्रियों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनका फीडबैक और सुझाव भी लिए।
सुदृढ़ कानून-व्यवस्था पर दिया जोर
एसपी ने स्पष्ट किया कि रात्रिकालीन गश्त में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करें और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें।










