राम नाम की महिमा
- पटेहरा की सीताराम संकीर्तन समिति ने हिनोतिया के सत्य राम धाम में जगाई भक्ति की अलख
- 25 वर्षों का अटूट संकल्प
- सुबह की प्रभात फेरी से ग्रामीणों को सन्मार्ग और सदाचार की प्रेरणा दे रही समिति
मंडला महावीर न्यूज 29. शास्त्रों में वर्णित है कि दान, धर्म और तीर्थों से भी ऊपर राम नाम की महिमा है। कलयुग में जीवन के कल्याण, सदाचार और सत्यमार्ग की प्राप्ति का एकमात्र आधार राम नाम ही है। इसी उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विकासखंड नारायणगंज के ग्राम पटेहरा की सीताराम प्रभात फेरी संकीर्तन समिति निरंतर प्रयासरत है।
बताया गया कि पिछले 25 वर्षों से यह समिति न केवल अपने गांव बल्कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सुबह जल्दी उठकर राम नाम संकीर्तन के माध्यम से लोगों को आध्यात्मिक जागृति के लिए प्रेरित कर रही है। इसी कड़ी में समिति के सदस्य विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम हिनोतिया स्थित दादू राम सत्य राम धाम पहुंचे। जहां नर्मदा पूजन के साथ संकीर्तन का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां नर्मदा के विधि-विधान से पूजन और वंदन के साथ की गई। इसके बाद पूरी श्रद्धा के साथ राम धुन संकीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। समिति का मुख्य लक्ष्य लोगों को राम नाम की महिमा से जोड़कर उन्हें सत्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इनकी रही उपस्थिति
इस भक्तिमय आयोजन में पटेहरा ग्राम के सरपंच कालीचरण मार्को, समाजसेवी दुर्गेश सिंगरौरे, राजाराम सिंगरौरे, श्यामसुंदर सिंगरौरे, रतन सिंगरौरे, मदन सिंगरौरे, बाल गोविंद सिंगरौरे, सुरेंद्र कुमार सिंगरौरे और बहोरी दादा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके साथ ही मातृशक्ति के रूप में संगीता बाई, सुखको बाई, विमला बाई, इलायची बाई और मालती बाई सहित अनेक माताओं-बहनों ने भी अपनी उपस्थिति और सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाया। समिति के इस निस्वार्थ सेवा भाव की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।









