हवन की अग्नि से शुद्ध होता है अंतर्मन-ताराचंद महाराज

हवन की अग्नि से शुद्ध होता है अंतर्मन-ताराचंद महाराज

  • पिपरिया में श्रीमद् भागवत कथा का भंडारे और झांकियों के साथ हुआ समापन

मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम पिपरिया में डॉ. एसआर राय की पुण्य स्मृति में राय परिवार द्वारा आयोजित संगीतमयी श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य समापन हुआ। कथा वाचक पंडित अनुज कृष्णम महाराज के सानिध्य में सात दिनों तक चली इस ज्ञान गंगा का अंतिम पड़ाव पूर्णाहूति, हवन-पूजन और विशाल भंडारे के साथ पूर्ण हुआ।यज्ञाचार्य महंत ताराचंद शास्त्री महाराज की निगरानी में संपन्न हुए हवन अनुष्ठान के दौरान अग्नि देव की विशेष पूजा की गई। इस अवसर पर महाराज जी ने हवन की महत्ता बताते हुए कहा कि अग्नि की पूजा हमारे जीवन को प्रकाश और ऊर्जा प्रदान करती है। हवन एक ऐसा पवित्र अनुष्ठान है जिसके माध्यम से हम अपने दोषों को जलाकर आत्म-ज्ञान प्राप्त करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस यज्ञ से न केवल पर्यावरण शुद्ध होता है, बल्कि परिवार और क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं शांति का संचार होता है।

झांकियों ने मोहा भक्तों का मन 

सप्ताह भर चले इस आयोजन में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का सजीव वर्णन किया गया। कार्यक्रम में कपिल गीता, धु्रव चरित्र, प्रहलाद चरित्र, और भव्य कृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन हुआ। बाल लीलाओं के दौरान नन्हे बाल-गोपालों और गोपियों की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कथा के अंतिम चरणों में रुक्मणी विवाह और सुदामा चरित्र के भावपूर्ण प्रसंगों पर भक्त झूम उठे।

श्रद्धालुओं और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद 

कार्यक्रम के अंतिम दिन राय परिवार द्वारा गीता पाठ और कथा व्यास का विशेष सम्मान किया गया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जो देर रात्रि तक चलता रहा। इस धार्मिक आयोजन में पिपरिया सहित आसपास के अनेक ग्रामों के श्रद्धालु, पूज्य संत और क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने उपस्थिति दर्ज कराकर धर्म लाभ लिया। यज्ञ को सफल बनाने में यज्ञाचार्य की टीम सहित आदर्श पांडे, अंकित पांडे, गोविंद पांडे, जयेश दुबे, जीतेश दुबे, हर्षित तिवारी, अंकू पांडे और शैलेंद्र दुबे का विशेष सहयोग रहा।


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles