टिकरिया आयुष्मान आरोग्य मंदिर का हुआ एनक्यूएएस असेसमेंट
- एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन के लिए टीम ने जांची व्यवस्थाएं
- बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की ओर एक और कदम
- टिकरिया केंद्र का वर्चुल्य राष्ट्रीय मूल्यांकन संपन्न
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयुष्मान आरोग्य मंदिर टिकरिया में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के लिए वर्चुल्य असेसमेंट संपन्न हुआ। आयोजित इस मूल्यांकन प्रक्रिया में राष्ट्रीय स्तर की टीम ने केंद्र की सुविधाओं और कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया।
असेसमेंट की शुरुआत सुबह 9.30 बजे ओपनिंग मीटिंग के साथ हुई। मूल्यांकन टीम में टीम लीडर डॉ. प्रतिमा ढाका और मूल्यांकनकर्ता अजय कुमार शामिल रहे। टीम ने वर्चुल्य माध्यम से अस्पताल के ओपीडी, रिकॉर्ड कीपिंग, स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं की समीक्षा की। यह पूरी प्रक्रिया शाम 4.15 बजे क्लोजिंग मीटिंग के साथ संपन्न हुई।
मूल्यांकन के दौरान टिकरिया केंद्र के प्रतिनिधियों ने टीम को सभी आवश्यक दस्तावेज और जानकारियां उपलब्ध कराईं. इसमें मुख्य रूप से सीपीएचसी अर्जुन सिंह, बीसीएम शैलेन्द्र सिंह, सीएचओ कोशिका भूरा, एएनएम माधुरी सोनी और आशा सुपरवाइजर मीना चक्रवर्ती ने सक्रिय भूमिका निभाई। इसके साथ ही आशा कार्यकर्ताओं अजब कली मरावी, रीता सिंगरौरे, कविता सिंगरौरे और सावित्री झारिया मौजूद रही। इस दौरान ग्रामीण स्तर पर दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई।
क्लोजिंग मीटिंग के दौरान मूल्यांकन टीम ने केंद्र के मजबूत पक्षों की सराहना की और कुछ क्षेत्रों में सुधार के सुझाव भी दिए। यदि टिकरिया केंद्र इन कड़े मानकों पर खरा उतरता है, तो उसे राष्ट्रीय स्तर का एनक्यूएएस प्रमाण पत्र प्राप्त होगा, जो उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं की पुष्टि करता है. इस आयोजन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में काफी उत्साह देखा गया।









