कथा वाचिका देविका किशोरी ने किया नर्मदा पूजन, वृद्धाश्रम पहुंचकर लिया बुजुर्गों का आशीर्वाद
सरदार पटेल की प्रतिमा पर अर्पित किए श्रद्धा सुमन, रविवार बड़ी खैरी से निकलेगी भव्य कलश यात्रा
मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर जिले के पनागर (ग्राम इमलई) से मण्डला पहुंची प्रसिद्ध कथा वाचिका सुश्री देविका किशोरी पटेल ने अपने प्रवास की शुरुआत भक्ति और सेवा के साथ की। मण्डला आगमन पर उन्होंने सर्वप्रथम बिंझिया स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
नर्मदा जल लेकर करिया गांव के लिए प्रस्थान
प्रतिमा पूजन के पश्चात सुश्री देविका किशोरी माहिष्मती घाट पहुंचीं, जहां उन्होंने विधि-विधान से मां नर्मदा का पूजन-अर्चन किया। उन्होंने नर्मदा का पवित्र जल अक्षय पात्र में भरा और श्रीमद्भागवत कथा हेतु ग्राम करिया गांव के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
वृद्धाश्रम में पुष्प वर्षा और फल वितरण
सेवा भाव का परिचय देते हुए कथा वाचिका माहिष्मती घाट पर संचालित वृद्धाश्रम पहुंचीं। वहां उन्होंने आश्रम में निवास कर रहे समस्त वृद्धजनों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। सुश्री देविका ने वृद्धजनों को फल एवं फूल वितरित किए और उन्हें आगामी पुराण कथा में सहभागिता करने के लिए सादर आमंत्रित किया।
समाज ने किया आत्मीय स्वागत
कार्यक्रम के दौरान कुर्मी समाज विकास संगठन एवं स्वजातीय भाई-बहनों ने सुश्री देविका पटेल और उनके साथ आए सहयोगियों का पुष्पहारों से भव्य स्वागत किया।
कल निकलेगी भव्य शोभायात्रा
आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम के अगले चरण में कल (रविवार) प्रातः 10:00 बजे भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। यह यात्रा मण्डला के बड़ी खैरी स्थित पटेल ट्रैक्टर्स से प्रारंभ होकर अंजनिया होते हुए ग्राम करिया गांव पहुंचेगी, जहां श्रीमद्भागवत कथा का मंगलमय आयोजन सुनिश्चित है।










