मकर संक्रांति पर उमड़ेगा आस्था का जनसैलाब
- मंडला फोर्ट से स्पेशल ट्रेन चलाने की उठी पुरजोर मांग
- श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा के लिए रेलवे से गुहार
- मकर संक्रांति पर 14 और 15 जनवरी को चलें विशेष ट्रेनें
- पड़ोसी राज्यों से आते हैं लाखों श्रद्धालु
मंडला महावीर न्यूज 29. मकर संक्रांति के पावन पर्व पर मां नर्मदा के तटों पर होने वाले भारी जन-आगमन को देखते हुए मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन से स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग तेज हो गई है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 14 और 15 जनवरी को नर्मदा संगम घाट पर स्नान और दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है।
जानकारी अनुसार मां नर्मदा के प्रति अटूट आस्था के चलते केवल मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ जैसे सीमावर्ती राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंडला पहुंचते हैं। इनमें अधिकांश लोग गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों से ताल्लुक रखते हैं, जिनके लिए आवागमन का सबसे सुलभ और किफायती साधन रेलवे ही है। वर्तमान में परिवहन के सीमित साधनों के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है और निजी वाहनों का खर्च उठाना हर किसी के बस की बात नहीं होती।
सुगम और सुरक्षित यात्रा की आवश्यकता
स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि मकर संक्रांति के अवसर पर दो दिवसीय विशेष रेल सेवा शुरू की जाती है, तो इससे न केवल भीड़ का दबाव कम होगा, बल्कि भक्तों की यात्रा भी सुगम और सुरक्षित हो सकेगी। रेल चलने से श्रद्धालुओं पर आर्थिक बोझ कम पड़ेगा और वे बिना किसी परेशानी के पवित्र स्नान के लिए पहुंच सकेंगे।
प्रशासन और रेलवे से अपील
बेहतर परिवहन व्यवस्था और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए क्षेत्रवासियों ने रेल मंत्रालय और क्षेत्रीय रेल प्रबंधन से मांग की है कि 14 एवं 15 जनवरी को मंडला फोर्ट से विशेष फेरे लगाए जाएं। अब देखना यह है कि प्रशासन इस जायज मांग पर कितनी तत्परता से निर्णय लेता है, ताकि आस्था के इस महापर्व पर यात्रियों को राहत मिल सके।










