खेलों से खिलता बचपन-28 स्कूलों के बच्चों ने दिखाया दमखम
- मोतीनाला में दो दिवसीय खेलकूद महाकुंभ संपन्न
- वनांचल में गूंजी खेल भावना
- मवई ब्लॉक के मोतीनाला में स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के आदिवासी वनांचल क्षेत्र मवई के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोतीनाला में दो दिवसीय खेलकूद टूर्नामेंट का हर्षोल्लास के साथ समापन हुआ। इस खेल महाकुंभ में क्षेत्र के 28 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन
दो दिनों तक चले इस टूर्नामेंट में वॉलीबॉल, खो-खो और कबड्डी जैसे टीम खेलों के साथ-साथ पारंपरिक खेलों की भी धूम रही। नन्हे विद्यार्थियों के लिए जलेबी दौड़, रस्सी दौड़ और बिस्किट दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मैदान पर खिलाडिय़ों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जहाँ विद्यार्थियों ने खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का उत्कृष्ट परिचय दिया।
अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक पंडित सिंह धुर्वे रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य अनंत सिंह राठौर, हरे सिंह पंद्रे एवं मोतीनाला की सरपंच ललिता धुर्वे उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के सफल संचालन में जनशिक्षक पुरुषोत्तम श्रीवास एवं विद्यालय के प्राचार्य दिनेश मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अनुशासन और विकास की कुंजी है खेल
मुख्य अतिथि पंडित सिंह धुर्वे ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि ये बच्चों में मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने वनांचल क्षेत्र के बच्चों को भविष्य में राज्य और राष्ट्र्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।
सम्मान के साथ समापन
प्रतियोगिताओं के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार, स्थानीय ग्रामीणों और प्रतिभागी विद्यार्थियों ने खुशी जाहिर की।
रिपोर्ट- सुशील बंजारा, मोतीनाला, मवई










